गाजियाबाद। आईएसआईएस के जिहादियों के कबूलनामे और प्रयागराज में बस कंडक्टर की हत्या करने वाले लारेब हाशमी के बयान के बाद त्यागी समाज ने शिवशक्ति धाम डासना के महंत यति नरसिंहानंद गिरी की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है। त्यागी समाज के वरिष्ठ और प्रबुद्ध लोगो की एक आपात बैठक बुधवार को राजनगर एक्सटेंशन में हुई। बैठक में यति नरसिंहानंद गिरी को जेड प्लस सुरक्षा देने की मांग की गई है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अखिल भारतीय त्यागी ब्राह्मण सभा के पूर्व अध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि श्रीपंचदश जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी सनातन धर्म की अनमोल धरोहर हैं। उन्होंने धर्म की रक्षा के लिये अपना घर परिवार सब कुछ छोड़ दिया है। और पूर्ण समर्पण के साथ इस्लामिक जिहादी मानसिकता से लड़ रहे हैं। इस्लामिक जिहाद का सत्य पूरी दुनिया के सामने लाने में उनका सबसे बड़ा योगदान है।
उन्होंने कहा कि अपने मुखर व्यक्तव्यों के कारण कारण सम्पूर्ण विश्व के इस्लामिक जिहादी आज उन्हें मारने पर तुले हुए हैं। आज पूरी दुनिया मे इस्लामिक जिहादियों से जितना खतरा उन्हें है,उतना खतरा किसी और को नही है। ये बहुत चिंता की बात है कि केंद्र और राज्य की सरकारें उनकी सुरक्षा को लेकर इतनी उदासीन हैं। उन्होंने कहा कि त्यागी समाज हर तरह से उनके साथ है। धर्म की रक्षा के लिए उन्होंने समाज का परित्याग किया है पर समाज ने उन्हें कभी नहीं छोड़ा है। बैठक का संचालन करते हुए अमर बलिदानी मेजर आशाराम त्यागी सेवा संस्थान के महामंत्री अक्षय त्यागी ने कहा कि सरकार को महामंडलेश्वर जी को जेड प्लस सुरक्षा देनी चाहिये। यदि जिहादी महामंडलेश्वर जी को मारने में सफल हो गए तो उनका हौसला इतना बढ़ जाएगा कि फिर कोई भी हिन्दू सुरक्षित नहीं रहेगा।
ये भी पढ़ें..
बैठक को सम्बोधित करते हुए डॉ उदिता त्यागी ने कहा कि महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी जैसे योद्धा युगों में पैदा होते हैं। वो जितने निर्भीक हैं, उतने ही बड़े ज्ञानी और विद्वान भी हैं। अगर उनकी बातों को अनदेखा किया गया तो सनातन धर्म भारत भूमि से मिट जाएगा। डॉ उदिता त्यागी ने बैठक में संकल्प लिया कि वो यति नरसिंहानंद की सहायता के लिये अपने समाज के घर घर जाकर भीख मांगेगी।
बैठक में तय किया गया कि त्यागी समाज के गांव गांव से धन एकत्रित करके यति नरसिंहानंद को दिया जाएगा। आज की बैठक में मेजर आशाराम त्यागी सेवा संस्थान के चेयरमैन नीरज त्यागी अध्यक्ष मुकेश त्यागी गल्हैता कोषाध्यक्ष संजय बहेड़ी, प्रमोद त्यागी, पंकज त्यागी, कपिल त्यागी, अखिल भारतीय त्यागी ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष सुरेश त्यागी, महानगर अध्यक्ष पुनीत त्यागी, पूर्व अध्यक्ष राकेश त्यागी, अजय दिनकर, मुकेश त्यागी मकनपुर, नितिन त्यागी, नरवीन त्यागी, राजकुमार त्यागी, योगेन्द्र त्यागी मोरटा, पीताम्बर त्यागी एड, तेजवीर त्यागी, अखिल भारतीय ब्रह्मर्षि समाज के संरक्षक रवीन्द्र त्यागी, रविन्द्रकांत त्यागी, सुधीर त्यागी, मुरादनगर त्यागी समाज से राजपाल त्यागी भूषण त्यागी आदि उपस्थित रहे।