Noida: नोएडा में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने दिवाली से पहले नोएडा जोन और सेंट्रल नोएडा जोन में दो प्रमुख थाना प्रभारियों का तबादला कर दिया है। इस बदलाव के तहत थाना सेक्टर-24 के प्रभारी इंस्पेक्टर ध्रुव भूषण दूबे को थाना फेस-3 का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। बताया जा रहा है कि फेस-3 के प्रभारी रहे राजकुमार चौधरी का कार्यकाल पूरा होने पर उन्हें जिले से रिलीव कर दिया गया है।
विवादों में रहे इंस्पेक्टर अरविंद कुमार को मिली सेक्टर-24 की जिम्मेदारी
पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर अरविंद कुमार को थाना सेक्टर-24 की कमान सौंपी गई है। इससे पहले वह थाना बीटा-2 और थाना बिसरख के प्रभारी रह चुके हैं। खास बात यह है कि अरविंद कुमार बिसरख थाना प्रभारी रहते हुए कई विवादों में घिरे रहे थे। बिसरख थाना क्षेत्र की चिपियाना पुलिस चौकी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद भारी हंगामा हुआ था, जिसने अरविंद कुमार के कार्यकाल पर सवाल उठाए थे।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लूटपाट और जनता का विरोध
अरविंद कुमार के बिसरख थाने के प्रभारी रहते समय, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बाइक सवार लुटेरों द्वारा लगातार लूटपाट की घटनाएं सामने आईं। इस पर क्षेत्र के लोगों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अरविंद कुमार को हटाने के लिए कैंपेन चलाया था। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर उनकी पुलिसिंग के तरीके की भी आलोचना की थी।
ये भी पढ़ें..
सस्पेंशन का दाग
अगस्त 2024 में बिसरख क्षेत्र में एक कैब चालक को बंधक बनाकर लूटे जाने की घटना के बाद अरविंद कुमार को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। इस मामले में पुलिस की भारी किरकिरी होने पर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, गौर सिटी चौकी प्रभारी और एक एसआई को सस्पेंड कर दिया था। साथ ही सेंट्रल नोएडा डीसीपी सुनीति को भी उनके पद से हटा दिया गया था।

