Ghaziabad News: पूर्व केंद्रीय मंत्री वीके सिंह की बेटी ने कविनगर थाने में एक कारोबारी पर 3.48 करोड़ रुपये ठगने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। आरोप है कि कारोबारी ने मकान का सौदा तय कर पैसा ले लिया, लेकिन प्रॉपर्टी ट्रांसफर नहीं की। पुलिस ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री वीके सिंह की बेटी योगजा सिंह का दावा है कि उन्होंने कारोबारी आनंद प्रकाश से राजनगर सेक्टर-2 स्थित मकान का 5.5 करोड़ रुपये में सौदा किया था। 2014 में उन्होंने एडवांस पेमेंट के तौर पर 10 लाख रुपये दिए थे। बाद में मकान की मरम्मत के नाम पर उनसे 4.5 लाख रुपये के चेक लिए गए। 15 जुलाई को कारोबारी ने मकान का कब्जा दे दिया।
गलत जानकारी के आधार पर भेजा नोटिस
योगजा के मुताबिक मकान पर लोन दिलाने के लिए 2017 में दोनों के बीच एग्रीमेंट हुआ था। इसके बाद उन्होंने आनंद प्रकाश के खाते में 33.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। वर्ष 2018, 2019 और 2023 में उन्होंने हर साल एक करोड़ रुपये अतिरिक्त ट्रांसफर किए। योगजा सिंह का दावा है कि बैंक से दो करोड़ रुपये का लोन लेने के बाद उन्होंने आनंद प्रकाश से मकान की रजिस्ट्री कराने को कहा, लेकिन 16 अगस्त को उन्होंने गलत जानकारी के आधार पर नोटिस भेज दिया। इस नोटिस का जवाब उन्होंने अपने वकील के जरिए दिया।
बेदखली के मुकदमे का आरोप
योगजा सिंह का आरोप है कि आनंद प्रकाश ने उनके खिलाफ किराएदारी की फर्जी रसीद पेश कर अपर जिला मजिस्ट्रेट की अदालत में उन्हें बेदखल करने के लिए वाद दायर किया है। वह मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। आनंद प्रकाश ने मकान पर लोन लिया है, लेकिन पैसा मिलने के बाद भी वह मकान की रजिस्ट्री नहीं कर रहे हैं। योगजा सिंह ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। एसीपी कवि नगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
वीके सिंह ने भी दर्ज कराया मुकदमा
पूर्व केंद्रीय मंत्री वीके सिंह की शिकायत पर कवि नगर पुलिस ने 29 सितंबर को लोहा कारोबारी आनंद प्रकाश और न्यूज पोर्टल मालिक रण सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। वीके सिंह ने अपनी शिकायत में कहा था कि आरोपियों ने बेबुनियाद स्टोरी चलाई, जिससे उन्हें सामाजिक, मानसिक और शारीरिक रूप से परेशानी हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि रण सिंह ने जानबूझकर उनकी छवि खराब करने के लिए स्टोरी चलाई।
इस मामले में पूछे जाने पर कारोबारी आनंद प्रकाश ने कहा, “मुझे इस बारे में कुछ नहीं कहना है। मेरी ओर से कोर्ट में मुकदमा दायर किया गया है। कोर्ट जो भी फैसला करेगी, मैं उसे स्वीकार करूंगा।”

