IPL 2025 DC Head Coach: आईपीएल 2024 के समापन के बाद, रिकी पोंटिंग ने दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच के पद से इस्तीफा दे दिया। आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी के करीब आने के साथ, अफवाहें फैल रही हैं कि हेमंग बदानी को दिल्ली का नया मुख्य कोच नियुक्त किया जा सकता है। सूत्रो के मुताबिक, पूर्व भारतीय क्रिकेटर मुनाफ पटेल को भी दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ में अहम भूमिका दी जा सकती है।
पीटीआई द्वारा उद्धृत आईपीएल के एक सूत्र ने बताया कि दिल्ली कैपिटल्स प्रबंधन भारतीय कोचों की तलाश कर रहा है। इस खोज में दो पूर्व भारतीय क्रिकेटरों हेमंग बदानी और मुनाफ पटेल के नाम सामने आए हैं। बदानी को मुख्य कोच नियुक्त किया जा सकता है, जबकि मुनाफ पटेल गेंदबाजी कोच की भूमिका निभा सकते हैं। गौरतलब है कि दिल्ली कैपिटल्स का स्वामित्व जीएमआर और जेएसडब्ल्यू ग्रुप के पास है। इन दोनों पक्षों के बीच दो-दो साल के लिए बारी-बारी से दिल्ली टीम का प्रबंधन करने का समझौता है।
तीन खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती है दिल्ली
पीटीआई की रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि दिल्ली कैपिटल्स ने तीन खिलाड़ियों- ऋषभ पंत, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव को रिटेन करने का मन बना लिया है। पंत को ₹18 करोड़, अक्षर को ₹14 करोड़ और कुलदीप को ₹11 करोड़ में रिटेन किया जा सकता है। इसके अलावा, आईपीएल 2024 में प्रभावित करने वाले ऑस्ट्रेलियाई स्टार जेक फ्रेजर-मैकगर्क भी दिल्ली के रडार पर हैं। रिपोर्ट बताती है कि अगर दिल्ली कैपिटल्स के पास पर्याप्त पैसा बचा है, तो वे मैकगर्क पर राइट टू मैच (RTM) कार्ड का इस्तेमाल करने पर विचार कर रहे हैं।
हेमंग बदानी को है आईपीएल का अनुभव
हेमंग बदानी ने भारत के लिए 4 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 94 रन बनाए हैं और 40 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 867 रन बनाए हैं। दिसंबर 2021 में, बदानी को सनराइजर्स हैदराबाद का फील्डिंग कोच नियुक्त किया गया था, और उन्हें नई प्रतिभाओं की खोज का काम भी सौंपा गया था। अगर उन्हें दिल्ली कैपिटल्स का मुख्य कोच नियुक्त किया जाता है, तो यह उनके कोचिंग करियर के लिए एक बड़ा बढ़ावा होगा। इस बीच, मुनाफ पटेल ने नवंबर 2018 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की। उनके पास कोचिंग का कोई पूर्व अनुभव नहीं है।

