Ghaziabad: गाजियाबाद शहर में पुलिस की सख्त कार्यवाही से अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी है। एक ही रात में दो अलग-अलग थानाक्षेत्रों में मुठभेड़ की घटनाएं सामने आई हैं, जहां पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों को पैर में गोली मारकर घायल करने के बाद गिरफ्तार किया। दोनों अभियुक्तों को पुलिस की हिरासत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नंदग्राम में रेप के आरोपी के साथ मुठभेड़
नंदग्राम थाना क्षेत्र में पुलिस और रेप के आरोपी के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई। एसीपी नंदग्राम, पूनम मिश्रा के अनुसार, पुलिस ने सात साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान नंदग्राम निवासी सद्दाम नुत्र महरुल जमां के रूप में हुई है।
सद्दाम पर आरोप है कि उसने बच्ची को आईसक्रीम खिलाने के बहाने बहलाकर सिटी फॉरेस्ट में ले जाकर गलत काम किया। बच्ची के पिता की शिकायत पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सद्दाम को गिरफ्तार करने की कोशिश की, लेकिन उसने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्यवाही करते हुए उसे पैर में गोली मारी और मौके पर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है।
कविनगर में हत्यारोपी से मुठभेड़
दूसरी मुठभेड़ कविनगर थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने चैकिंग के दौरान हत्या के आरोपी मनीष उर्फ मंगल को गिरफ्तार किया। मंगल पर आरोप है कि उसने गोविंदपुरम स्थित एक मॉडल शॉप पर अपने साथियों के साथ मिलकर रईसपुर निवासी राहुल सिंह के साथ मारपीट की थी, जिससे बाद में राहुल की मौत हो गई थी।
एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मनीष उर्फ मंगल और उसका साथी विक्की चैकिंग के दौरान पुलिस से बचने के लिए भागने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने जवाबी फायरिंग में मंगल को पैर में गोली मारकर घायल कर दिया, जबकि विक्की मौके से फरार हो गया। मनीष के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है और उसकी गिरफ्तारी के बाद आगे की जांच जारी है।
मॉडल शॉप पर हुए विवाद का मामला
यह घटना 10 अक्टूबर की रात की है जब गोविंदपुरम के एनडीआरएफ रोड स्थित मॉडल शॉप पर मनीष उर्फ मंगल और उसके साथियों ने राहुल सिंह के साथ मारपीट की थी। राहुल चुपचाप अपने घर लौट गया और कुछ बताए बिना सो गया। अगले दिन सुबह परिजनों ने उसे मृत अवस्था में पाया।
राहुल के भाई अरुण सिंह ने पुलिस को तहरीर दी थी, जिसमें बताया गया कि मॉडल शॉप पर कुछ युवकों ने राहुल के साथ मारपीट की थी। पुलिस ने इस मामले में गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर मनीष को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथी विक्की की तलाश जारी है।
ये भी पढें..
Jharkhand Election: झारखंड चुनाव की घोषणा से पहले JMM का आरोप, चुनाव आयोग को बताया कठपुतली
पुलिस की सख्त कार्यवाही
गाजियाबाद पुलिस द्वारा लगातार अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। दोनों मुठभेड़ों में पुलिस ने आरोपियों को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

