Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र में चोरों ने एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने की कोशिश की, लेकिन अलार्म बजने के कारण उन्हें मौके से भागना पड़ा। घटना 12 अक्तूबर की सुबह की बताई जा रही है। दुकान के मालिक ने पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस बीच, सूरजपुर उद्योग व्यापार मंडल ने भी इस घटना के विरोध में सेंट्रल नोएडा डीसीपी से शिकायत की है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ सीसीटीवी वीडियो
पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में रहने वाले कपिल सिंघल और भरत सिंघल की सूरजपुर कस्बे में ‘कपिल इलेक्ट्रॉनिक्स’ नाम से दुकान है। भरत सिंघल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 अक्तूबर की सुबह कुछ लोग उनकी दुकान पर चोरी करने के इरादे से पहुंचे। लेकिन अलार्म बजते ही वे वहां से भाग गए। इस घटना की पूरी फुटेज दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
मोबाइल से देख रहे थे लाइव फुटेज
पीड़ित दुकानदार ने बताया कि उन्होंने अपनी दुकान के सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस मोबाइल पर लिया हुआ है, जिसमें आवाज भी आती है। 12 अक्तूबर की सुबह करीब 4:40 बजे वह अपने घर से ही लाइव फुटेज देख रहे थे, जब उन्हें कुछ संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। कैमरों से आ रही आवाज ने उनकी चिंता और बढ़ा दी। वह तुरंत अपने भाई के साथ दुकान पर पहुंचे और वहां देखा कि शटर टूटा हुआ था, लेकिन चोर पहले ही भाग चुके थे।
व्यापारियों ने जताई नाराजगी, डीसीपी से की शिकायत
इस घटना के बाद सूरजपुर उद्योग व्यापार मंडल ने सेंट्रल नोएडा डीसीपी से शिकायत दर्ज कराई है। व्यापारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में असुरक्षा का माहौल बनता है। उन्होंने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द कार्रवाई करे ताकि व्यापारियों का विश्वास बना रहे और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ये भी पढ़ें..
पुलिस की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया है जो चोरों की तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

