Jharkhand BJP Candidates List: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने शनिवार शाम 66 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता रहे पूर्व सीएम चंपई सोरेन को सरायकेला से टिकट दिया गया है। चंपई ने इसी साल अगस्त में पार्टी छोड़ दी थी। इसके अलावा झारखंड के दो पूर्व सीएम मधु कोड़ा और अर्जुन मुंडा की पत्नियों को भी टिकट दिया गया है।
मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा जगन्नाथपुर से चुनाव लड़ेंगी, जबकि अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा पोटका से चुनाव लड़ेंगी। पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी धनवार से चुनाव लड़ेंगे, जबकि सीएम हेमंत सोरेन की साली सीता सोरेन को जामताड़ा से टिकट दिया गया है।
NDA में सीट बंटवारा
झारखंड में एनडीए गठबंधन में भाजपा 68 सीटों पर, आजसू 10 सीटों पर, जेडीयू 2 सीटों पर और एलजेपी (रामविलास) 1 सीट पर चुनाव लड़ेगी। नीतीश कुमार की जेडीयू को जमशेदपुर पश्चिम और तमाड़ सीट दी गई है। चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) चतरा सीट से चुनाव लड़ेगी।
दो चरण में होंगे चुनाव
झारखंड में पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को होगा। इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। पहले चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया 25 अक्टूबर तक चलेगी। 28 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और उम्मीदवार 30 अक्टूबर तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं।
दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होना है, जिसकी अधिसूचना 22 अक्टूबर को जारी की जाएगी। दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 29 अक्टूबर है। 30 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और उम्मीदवारों के पास 1 नवंबर तक नामांकन वापस लेने का समय है। मतगणना 23 नवंबर को होगी।
झारखंड विधानसभा में 81 सीटें
झारखंड विधानसभा में 81 सीटें हैं, जिनमें 44 अनारक्षित, 28 एसटी के लिए और 9 एससी उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं। चुनाव आयोग के अनुसार 15 अक्टूबर 2024 तक झारखंड में कुल 2.6 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 1.29 करोड़ महिलाएं और 1.31 करोड़ पुरुष मतदाता हैं। इस चुनाव में 11.84 लाख युवा मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।