Sunita Williams Return : अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने अपनी नौ महीने की अंतरिक्ष यात्रा के बाद सुरक्षित पृथ्वी पर वापसी की। बुधवार तड़के, स्पेसएक्स का ड्रैगन कैप्सूल फ्लोरिडा के समुद्र में लैंड हुआ, जिसमें सुनीता विलियम्स और उनके साथ चार अन्य अंतरिक्ष यात्री भी शामिल थे। इस ऐतिहासिक घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने अपनी खुशी और आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर सुनीता विलियम्स और क्रू 9 के अन्य अंतरिक्ष यात्रियों का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी और उनकी शौर्य, धैर्य और साहस को सराहा। प्रधानमंत्री ने एक्स (Twitter) पर लिखा, आपका स्वागत है क्रू 9! धरती ने आपको याद किया। यह उनके धैर्य, साहस और असीम मानवीय भावना की परीक्षा रही है। सुनीता विलियम्स और क्रू 9 अंतरिक्ष यात्रियों ने एक बार फिर हमें दिखाया है कि दृढ़ता का सच में क्या मतलब है। विशाल अज्ञात के सामने उनका मजबूत संकल्प हमेशा लाखों लोगों को प्रेरित करेगा।
पीएम मोदी ने इस मिशन को इंसान की क्षमताओं को विस्तार देने, सपने देखने की हिम्मत और उन सपनों को साकार करने की प्रेरणा देने वाला बताया। उन्होंने आगे कहा, एक ट्रेलब्लेजर और एक आइकन के रूप में सुनीता विलियम्स ने अपने पूरे करियर में इस भावना का उदाहरण पेश किया है। पीएम ने उन सभी का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने सुनीता की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की और यह साबित किया कि सटीक लक्ष्य, जुनून और तकनीकी कौशल मिलकर क्या कर सकते हैं।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी जताई खुशी
प्रधानमंत्री मोदी के संदेश से पहले, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस ऐतिहासिक घटना का स्वागत करते हुए सुनीता विलियम्स को बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, सुनीता विलियम्स (Sunita Williams Return) की सकुशल वापसी पर हार्दिक स्वागत और बधाई। अखिलेश यादव ने अंतरिक्ष की उड़ान को न केवल मानवता के ज्ञान-विज्ञान की उपलब्धि के रूप में देखा, बल्कि इसे आध्यात्मिक उन्नति का भी आधार बताया। उन्होंने लिखा, अंतरिक्ष की ऊंचाइयों से पृथ्वी को देखने से यह प्रतीत होता है कि जब वहां से हजारों मील फैले देशों में कोई अंतर नहीं दिखता, तो फिर उन भेदभाव का अस्तित्व ही क्या है जो मनुष्यों के बीच होते हैं।
ये भी पढ़ें : Land For Job Case : ED ने लालू परिवार को भेजा समन, तेजप्रताप और राबड़ी देवी से आज हो सकती है पूछताछ
ये भी देखें : Vadodara Car Accident के आरोपी Rakshit Chourasiya का बड़ा दावा, “घटना के वक्त वह ‘नशे में’ नहीं था”