Delhi Weather Alert: राजधानी दिल्ली इस समय जबरदस्त गर्मी की चपेट में है। तापमान इतना बढ़ गया है कि कूलर और एसी भी बेअसर साबित हो रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, गुरुवार सुबह 8 बजे तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, और दिन में यह 39 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 31 डिग्री रहने का अनुमान है।
हीट इंडेक्स 51.9 डिग्री
बुधवार को दिल्ली में अब तक का सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया, जिसमें कई इलाकों में पारा 43 से 45 डिग्री के बीच रहा। आयानगर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया। हीट इंडेक्स यानी महसूस की जाने वाली गर्मी 51.9 डिग्री दर्ज की गई, जिससे बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया।
लू को लेकर रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए लू का रेड अलर्ट जारी किया है। हालांकि, उम्मीद जताई गई है कि शाम तक तेज हवाएं (60 किमी प्रति घंटा) और हल्की बारिश से मौसम में कुछ सुधार हो सकता है। 14 जून को भी बारिश की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
प्रदूषण भी बना बड़ी परेशानी
गर्मी के साथ-साथ दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर भी चिंता बढ़ा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, गुरुवार सुबह दिल्ली का औसत AQI 190 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। हालांकि, कई इलाकों में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ स्तर तक पहुंच गई है।
दिल्ली-NCR के प्रमुख इलाकों का AQI
- दिल्ली: अलीपुर 207, आनंद विहार 217, अशोक विहार 203, आया नगर 216, मथुरा रोड 227, जहांगीरपुरी 229 आदि।
- अन्य क्षेत्र: ITO 149, लोधी रोड 160, मंदिर मार्ग 114, चांदनी चौक 185, पंजाबी बाग 148 आदि।
- एनसीआर: गुरुग्राम में AQI सबसे खराब (251), जबकि फरीदाबाद 158, गाजियाबाद 168, ग्रेटर नोएडा 165, नोएडा 170 दर्ज किया गया।
सावधानी और सतर्कता जरूरी
दिल्ली के नागरिक इस समय गर्मी और प्रदूषण दोनों से जूझ रहे हैं। विशेषज्ञों की सलाह है कि दोपहर के समय बाहर न निकलें, पर्याप्त पानी पिएं और हल्के, ढीले कपड़े पहनें। मौसम विभाग की चेतावनियों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है क्योंकि आने वाले दिनों में भी गर्मी कम होने के संकेत नहीं हैं।
सरकार और नागरिकों दोनों को मिलकर सतर्कता बरतनी होगी ताकि इस कठिन मौसम से सुरक्षित रहा जा सके।
ये भी पढें : UP News: महिला संग वायरल वीडियो के बाद बीजेपी ने गोंडा जिलाध्यक्ष अमर किशोर को पार्टी से निकाला
ये भी देखें : Maharashtra Politics: NCP के दोनों गुटों में फिर से मेल! क्या महाराष्ट्र में मची सियासी खलबली?