Pahalgam : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के प्रति अपनी नीति में बड़ा बदलाव किया है। इस कड़े फैसले के तहत भारत ने सिंधु जल संधि को स्थगित कर दिया है और पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए मेडिकल वीजा सहित कई अन्य वीजा श्रेणियों को रद्द कर दिया गया है। इससे पहले जारी किए गए मेडिकल वीजा केवल 29 अप्रैल 2025 तक वैध रहेंगे। आज की तारीख के बाद भारत में इलाज कराने आए पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ना अनिवार्य होगा।
भारत का ‘कड़ा संदेश’, नरमी नहीं सख्ती
पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान से आने वाले मरीजों की संख्या भले ही घटती रही हो, लेकिन भारत की उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं पाकिस्तान के हजारों मरीजों के लिए एकमात्र विकल्प रही हैं। खासकर गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर, किडनी ट्रांसप्लांट, हार्ट सर्जरी और न्यूरोलॉजिकल उपचार के लिए पाकिस्तानी नागरिक मेडिकल वीजा पर भारत का रुख करते रहे हैं। लेकिन अब भारत ने साफ संकेत दे दिया है कि आतंक को समर्थन देने वाले देश के लिए कोई नरमी नहीं होगी।
विदेश मंत्रालय की घोषणा
विदेश मंत्रालय ने पिछले गुरुवार को औपचारिक घोषणा करते हुए कहा था कि सभी पाकिस्तानी मेडिकल वीजा 29 अप्रैल तक ही मान्य होंगे। इसके बाद न तो नया वीजा जारी किया जाएगा, न ही पुराने वीजा की अवधि बढ़ाई जाएगी। इस फैसले का सीधा असर उन मरीजों पर पड़ा है जो भारत के विभिन्न अस्पतालों में इलाज के लिए आए थे या इलाज की प्रक्रिया में थे।
हेल्थकेयर इंडस्ट्री को भी झटका
भारत की हेल्थकेयर इंडस्ट्री के विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच मेडिकल टूरिज्म पूरी तरह बंद होने की कगार पर पहुंच गया है। “जैसे को तैसा” की नीति के तहत उठाया गया यह कदम स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में मानवीय पहलू से जुड़ा जरूर है, लेकिन सरकार इसे राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद से जोड़कर देख रही है।
कितने पाकिस्तानी आते थे इलाज के लिए?
अगर पिछले 5 वर्षों (Pahalgam) का आंकड़ा देखें, तो भारत मेडिकल टूरिज्म के क्षेत्र में पाकिस्तानी नागरिकों के लिए एक प्रमुख गंतव्य रहा है:
वर्ष | पाकिस्तानी मरीजों की संख्या |
2020 | 7,813 |
2021 | 5,127 (कोविड के कारण कम) |
2022 | 6,459 |
2023 | 4,289 |
2024 | 3,144 |
इनमें से अधिकतर मरीज दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई और बेंगलुरु जैसे शहरों के बड़े अस्पतालों में इलाज करवाने आते थे।
ये भी पढ़ें : Delhi News : पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में आज व्यापारियों का ‘दिल्ली बंद’, 100 से अधिक बाजारों में रहेगा सन्नाटा
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time