Delhi NCR Weather Update : देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राजधानी दिल्ली में हाल ही में आई आंधी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। हालांकि बीते दो दिनों से मौसम साफ बना हुआ है, लेकिन अब फिर से मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 15 से 19 अप्रैल तक दिल्ली में तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में बढ़ेगा तापमान
दिल्ली में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखी जा रही है। आज राजधानी में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, 14 अप्रैल को यह बढ़कर न्यूनतम 22 और अधिकतम 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, इन तापमानों के बीच 15 से 19 अप्रैल तक दिल्ली में फिर से तेज हवाएं चलेंगी, जिससे मौसम में हल्का परिवर्तन देखने को मिलेगा।
उत्तराखंड, हिमाचल और हरियाणा में गरज के साथ बारिश
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आज तेज बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं हरियाणा और चंडीगढ़ में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है। इससे क्षेत्र में गर्मी से अस्थायी राहत मिल सकती है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर और उससे सटे पूर्वी भारत में भी अगले 7 दिनों तक मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। 13, 14 और 15 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 15 अप्रैल को झारखंड में ओलावृष्टि की भी आशंका है। वहीं, केरल में अगले तीन दिन तक तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।
उत्तर-पश्चिम भारत में बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले छह दिनों में तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
महाराष्ट्र में उतार-चढ़ाव
महाराष्ट्र में आज अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। हालांकि इसके बाद आगामी चार दिनों के दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।
लू की चेतावनी
मौसम विभाग ने 13, 14 और 15 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान में लू चलने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही 16 से 18 अप्रैल के बीच पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी भीषण लू चलने की संभावना है।
UP के 47 जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के 47 जिलों के लिए अगले 24 घंटों में गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है, जिससे किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।