MP News : मध्य प्रदेश के दमोह जिले में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा जिले के नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बनवार चौकी के पास महादेव घाट पर स्थित पुल के पास हुआ, जब एक तेज़ रफ्तार बोलेरो जीप अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई।
पुल से गिरते ही चकनाचूर हुई बोलेरो, चारों पहिए ऊपर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो जीप काफी तेज रफ्तार में थी। जैसे ही वाहन महादेव घाट के पुल के पास पहुंचा, चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सूखी नदी के गहरे खड्ड में जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसके चारों पहिए ऊपर हो गए। वाहन में सवार लोग उसी के नीचे दब गए, जिससे उन्हें बचने का मौका तक नहीं मिला।
स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने आवाज सुनकर मौके की ओर दौड़ लगाई। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और खुद ही घायलों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और मौके पर एसडीएम सौरभ गंधर्व, तहसीलदार, नोहटा थाना प्रभारी, वनवार चौकी प्रभारी मनीष यादव सहित पुलिस बल पहुंच गया।
घायल अस्पताल में भर्ती, रेस्क्यू जारी
घायलों को तत्काल दमोह जिला अस्पताल एवं जबेरा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन द्वारा घायलों का रेस्क्यू अभियान अभी भी जारी है और घटना की जांच भी शुरू कर दी गई है।
सभी मृतक और घायल जबलपुर जिले के निवासी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले और घायल सभी लोग जबलपुर जिले के बेलखेड़ा क्षेत्र के निवासी हैं। वे बोलेरो से कहीं जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है और परिजनों को सूचना दी जा रही है।
शोक में डूबा गांव
हादसे की खबर जैसे ही बेलखेड़ा गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। एक ही वाहन में कई लोगों की जान जाने की खबर ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। प्रशासन द्वारा मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और घायलों के बेहतर इलाज के लिए चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।
ये भी पढ़ें : Delhi-NCR Weather : दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का कहर जारी, पारा 41 डिग्री के पार
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time