Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में थाना भोजपुर पुलिस और स्वाट टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने फरीदनगर के कीकड़ के जंगल में लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाशों के खिलाफ मुठभेड़ करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल भी हुआ है।
पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी कि मुठभेड़ के दौरान कुल छह बदमाश मौजूद थे, जिनमें से तीन मौके से फरार हो गए थे। लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए काम्बिंग ऑपरेशन चलाया और दो अन्य बदमाशों को भी दबोच लिया। इस प्रकार कुल तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान
पुलिस द्वारा गिरफ्तार बदमाशों की पहचान इतवारी, भारत और पदम उर्फ विष्णु के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि इन तीनों पर थाना भोजपुर में लूट से संबंधित तीन मामले पहले से ही दर्ज हैं। वहीं, फरार अन्य बदमाशों की तलाश जारी है और उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
हथियार भी बरामद
Ghaziabad पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे, 315 बोर के चार जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इस कार्रवाई को पुलिस प्रशासन की बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि यह गिरोह क्षेत्र में लगातार आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने के लिए लगातार सघन चेकिंग और गश्त की जा रही है। स्वाट टीम और थाना भोजपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से लूट जैसे गंभीर अपराधों पर अंकुश लगाना संभव हुआ है। जल्द ही फरार अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।