Noida News: करवा चौथ से पहले शहर में एक बड़ी घटना सामने आई है। दो बच्चों की मां अपने पति को छोड़कर बच्चों के साथ नोएडा से भाग गई। बिशनपुरा गांव से एक सप्ताह से लापता महिला अपने दो साल के बच्चे के साथ बेंगलुरु में मिली। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। जांच के दौरान महिला का लोकेशन बेंगलुरु में मिला और उसे बरामद कर लिया। महिला ने अपने पति पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए और उसके पास लौटने से इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस ने उसे उसके माता-पिता को सौंप दिया है।
बेंगलुरू में होने की मिली जानकारी
पुलिस ने बताया कि बिशनपुरा निवासी महिला का पति किराए के मकान में रहता है और मूल रूप से बिहार के दरभंगा का रहने वाला है। एक सप्ताह पहले उसने अपनी पत्नी और बच्चे के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अपनी रिपोर्ट में उसने बताया कि जब वह घर लौटा तो उसकी पत्नी और बच्चा दोनों गायब थे, साथ ही घर में रखे गहने और पैसे भी गायब थे। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग का इस्तेमाल कर जांच शुरू की और महिला का फोन बेंगलुरु में सक्रिय पाया।
महिला और उसके प्रेमी के बीच कैसे बढ़ीं नजदीकियां
जब पुलिस टीम बेंगलुरु पहुंची तो महिला एक युवक के साथ मिली। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपने पति के साथ रहने से खुश नहीं थी। उसने आरोप लगाया कि उसका पति अक्सर उसे दरभंगा में अपने गांव वापस ले जाने पर जोर देता था, लेकिन वह नहीं जाना चाहती थी। महिला ने यह भी दावा किया कि उसका पति उसे पर्याप्त समय नहीं देता था और इस दौरान उसकी मुलाकात एक युवक से हुई जिसने उसे भावनात्मक सहारा दिया। धीरे-धीरे वह उसके साथ बेंगलुरु चली गई।
पुलिस ने पति को दी चेतावनी
महिला को सुरक्षित बरामद करने के बाद पुलिस ने उसे उसके माता-पिता के साथ जाने की इजाजत दे दी। इस बीच, पति को चेतावनी देकर घर भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की आपसी सहमति से मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।