Weather Update : बीते कुछ दिनों से राजधानी में ठंडी हवाएं चल रही थीं, जिसके कारण मौसम खुशनुमा और आरामदायक बना हुआ था। हालांकि, अब शुक्रवार से हवाओं की गति धीमी पड़ने के कारण तापमान में बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगी। इससे दोपहर में धूप की तपिश से लोग परेशान हो सकते हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम था। इस दौरान हवा में नमी का स्तर 16 से 89 प्रतिशत के बीच रहा।
आसमान रहेगा साफ, बढ़ेगा तापमान
पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार को आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। हवाएं कम गति से चलेंगी और चटख धूप का सामना करना पड़ेगा। इसके बाद 22 से 26 मार्च तक मौसम साफ रहेगा और हवाएं धीमी रहेंगी। इस दौरान तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जिससे अधिकतम तापमान 33 से 37 डिग्री तक जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 14 से 19 डिग्री के बीच रहेगा।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर, तापमान में वृद्धि
स्काईमेट के अनुसार, पिछले तीन दिनों में राजधानी के तापमान में 4 डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई है। इसकी मुख्य वजह पहाड़ों पर बने वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर है। इस डिस्टरबेंस के चलते तापमान में वृद्धि हो रही है और यह शुक्रवार को आगे बढ़ जाएगा। इससे अगले तीन दिनों तक मौसम गर्म रहेगा और दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी हो सकती है।
मार्च में बारिश की उम्मीद नहीं
इस साल (Weather Update) मार्च महीने में अब तक बारिश की संभावना कम रही है। सामान्यत: मार्च में 19.1 एमएम बारिश होती है, लेकिन इस महीने अब तक केवल 2 एमएम बारिश हुई है। मार्च के बचे हुए दिनों में बारिश की संभावना ना के बराबर है, जिससे शुष्क मौसम के कारण गर्मी में इजाफा होगा। 26 से 28 मार्च के बीच तापमान में तेजी से वृद्धि हो सकती है।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस का प्रभाव
पिछले (Weather Update) कुछ दिनों से वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर पहाड़ों पर दिखाई दे रहा है, जो 25 से 28 मार्च के बीच पहाड़ों से गुजरने की संभावना है। 26 और 27 मार्च को इसका प्रभाव मध्य और निचले पहाड़ी इलाकों, साथ ही तराई क्षेत्रों में अधिक रहेगा। हालांकि, इस दौरान उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों और दिल्ली में बारिश के आसार नहीं हैं। वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से हवा की दिशा में बदलाव होगा और इससे तापमान में और वृद्धि होगी।
ये भी देखें : Vadodara Car Accident के आरोपी Rakshit Chourasiya का बड़ा दावा, “घटना के वक्त वह ‘नशे में’ नहीं था”