लखनऊ :- उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए समाजवादी पार्टी की सहयोगी पार्टी महान दल ने पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों को जोड़ते हुए जनाक्रोश यात्रा निकालने की तैयारी कर ली है।
महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने बीते दिनों लखनऊ में समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन किया था। सम्मेलन के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महान दल के अध्यक्ष केशव देव को किसानों के मुद्दे पर मुखर होने की बात कही थी। केशव देव ने किसानों के मुद्दों सहित विभिन्न मुद्दे पर यात्रा निकालने की योजना बना ली है।
महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने बताया कि अगस्त माह के अंत तक महान दल के प्रमुख पदाधिकारियों की मौजूदगी में जनाक्रोश यात्रा निकलेगी। जनता के बीच फैले आक्रोश के कारण इस यात्रा को जनाक्रोश यात्रा का नाम दिया गया है। यह यात्रा रैली के रुप में पीलीभीत से शुरु होगी और विभिन्न जनपद होते हुए इटावा तक जाएगी।
केशव देव ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि जनता में पेट्रोल, डीजल के बढ़े दाम, रोजगार देने में नाकामी, किसानों का आंदोलन, गन्ना किसान के मूल्य की मांग, प्रदेश सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर बेहद आक्रोश है। कोरोना के वक्त जो हुआ, वो तो सभी ने देखा है।
उन्होंने बताया कि जनाक्रोश की एक वजह कोरोना काल में आक्सीजन की कमी से हुई मौतें भी है। सड़कों पर पैदल चलते मजदूर जो घर नहीं पहुंच पाएं। जनता के बीच जनता के ही मुद्दों के साथ यात्रा निकाली जाएगी। स्वप्न देखने वाली सरकार के खिलाफ लखनऊ में पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने बिगुल फूंक दिया है। महान दल अब समाजवादी सरकार बनाकर ही दम लेगी।
Publish by- shivam Dixit
@shivamniwan