वाराणसी: प्रति वर्ष की भांति स्वतंत्रता दिवस पर रविवार को पंचगंगा घाट स्थित राष्ट्रीय स्मारक बिन्दु विवादित माधवराव के धरहरे पर ध्वज फहराने जा रहे शिवसैनिकों को कोतवाली पुलिस ने कोतवाली तिराहे के समीप रोक लिया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर उन्हें थाने ले आई।
कोतवाली परिसर में कुछ समय कार्यकर्ताओं को बैठाने के बाद उन्हें निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों का ज्ञापन भी दिया।
शिवसेना के राज्य उप प्रमुख अजय चौबे ने बताया कार्यकर्ता हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर माधव राव धरहरा पर झण्डा फहराने के लिए प्रयास करते आ रहे हैं। हम लोग पुरातत्व विभाग को भी पत्र के माध्यम से ध्वजारोहण के लिए अनुरोध करते हैं। धरहरा राष्ट्र की सम्पत्ति है इस पर तिरंगा फहरना चाहिए।
शिवसैनिकों ने बताया कि मंडलीय शिवप्रसाद गुप्त अस्पताल में भी अवैध रूप से बने मजार को हटाने की हमारी मांग है। उस स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाय। राष्ट्र से बड़ा कोई धर्म नहीं होता है। यदि शिव सैनिकों को ध्वज फहराने नहीं देना है तो किसी डाक्टर व प्रशासनिक अधिकारी से उस स्थान पर ध्वजारोहण कराया जाये। कार्यकर्ताओं ने चेताया कि जिला प्रशासन स्वतंत्रता दिवस पर यहां तिरंगा नहीं फहराती है तो 26 जनवरी गणतंत्र दिवस को यहां शिव सैनिक तिरंगा झण्डा फहरा देंगे। इसके पहले कार्यकर्ता टाउनहाल मैदान में जुटे। कार्यकर्ता पार्टी पदाधिकारी अजय चौबे के नेतृत्व में माधवराव धरहरा पर ध्वजारोहण के लिए निकले तो वहां पहले से मौजूद पुलिस बल ने रोक लिया।