UP News: राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2024 का भव्य आयोजन शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में किया गया, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देश की उत्कृष्ट खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के छह खिलाड़ियों को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। यह सम्मान उनकी खेल प्रतिभा, अनुशासन और कठोर परिश्रम का प्रतीक है, जिसने न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। आइए जानते हैं किन-किन खिलाड़ियों को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिला।
उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी जिन्हें मिला सम्मान
इस वर्ष उत्तर प्रदेश के छह खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इनमें अर्जुन पुरस्कार और मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित सम्मान शामिल हैं।
अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी:
- सिमरन (पैरा एथलेटिक्स)
गाजियाबाद की निवासी सिमरन ने पेरिस पैरा ओलंपिक 2024 में 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक और 100 मीटर दौड़ में चौथा स्थान हासिल किया। सिमरन का कहना है कि उचित सुविधाएं मिलने पर मोदीनगर से और भी बेहतर खिलाड़ी उभर सकते हैं। - अजीत सिंह यादव (पैरा एथलेटिक्स)
इटावा के पैरालंपिक खिलाड़ी अजीत सिंह यादव को भी अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जापान में 2024 विश्व चैंपियनशिप में उन्होंने 62.11 मीटर भाला फेंक कर कांस्य पदक जीता था। - प्रीति पाल (पैरा एथलेटिक्स)
मेरठ की प्रीति पाल ने सेरेब्रल पाल्सी जैसी गंभीर बीमारी के बावजूद खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने 17 वर्ष की उम्र में सोशल मीडिया से प्रेरणा लेकर खेल की दुनिया में कदम रखा और 2018 से कई प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त की। - वंतिका अग्रवाल (शतरंज)
नोएडा की वंतिका अग्रवाल ने शतरंज में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सबसे कम उम्र में अर्जुन पुरस्कार पाने वाली खिलाड़ी का गौरव हासिल किया। उन्होंने 14 वर्ष की आयु में ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना ली थी। - अन्नू रानी (भाला फेंक)
मेरठ की अन्नू रानी ने गरीबी और संघर्ष के बीच अभ्यास शुरू किया और पेरिस ओलंपिक में महिला जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। उनके भाई उपेंद्र ने उनके कोच का भी काम किया और अन्नू ने अपने सपनों को साकार किया। - अभय सिंह (स्क्वैश)
स्क्वैश खिलाड़ी अभय सिंह को भी अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया है।
प्रवीण कुमार को मिला मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार
गौतमबुद्ध नगर के पैरा एथलीट प्रवीण कुमार को उनके असाधारण खेल प्रदर्शन के लिए मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रवीण ने पेरिस पैरालिंपिक 2024 में पुरुषों की ऊंची कूद में एशियाई रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतकर भारत को गौरवान्वित किया।
ये भी पढें..
Ghaziabad: दहेज की बलि चढ़ी एक और मासूम, 23 वर्षीय नवविवाहिता शीतल की संदिग्ध हालात में मौत
खेल प्रतिभाओं का सम्मान, प्रेरणा की कहानी
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह में जिन खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, उनकी कहानी संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास की मिसाल है। चाहे वह प्रीति पाल का सेरेब्रल पाल्सी जैसी कठिनाई को पार करना हो या अन्नू रानी का गन्ने से भाला बनाकर अभ्यास शुरू करना, हर कहानी युवाओं के लिए प्रेरणा है।