Ram Navami 2024: आज देश में रामनवमी की धूम है और मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी हुई है। रामलला के सूर्य तिलक को देखने के लिए अयोध्या के राम मंदिर में भीड़ उमड़ पड़ी है. इस बीच, प्रधान मंत्री मोदी ने राम नवमी पर राष्ट्र को शुभकामनाएं दीं और कहा कि भगवान श्री राम भारतीय जनमानस के रोम रोम में बसे हैं। वहीं, देश के गृहमंत्री अमित शाह ने भी देशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं दीं है.
रामनवमी पर प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में क्या कहा?
प्रधानमंत्री ने रामनवमी के मौके पर कहा, ‘मेरे सभी देशवासियों को रामनवमी के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं! इस पवित्र अवसर पर मैं धन्य और पूर्ण महसूस कर रहा हूं। यह श्री राम की कृपा है कि इस वर्ष मैं करोड़ों देशवासियों के साथ अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा का साक्षी बना। अयोध्या में उस पल की यादें आज भी उसी ऊर्जा के साथ मेरे मन में स्पंदित होती हैं।’
‘रोम-रोम में बसे हैं श्री राम’
अयोध्या में राम मंदिर के लिए पीएम मोदी ने कहा, ‘यह पहली रामनवमी है जहां हमारे रामलला अयोध्या के भव्य और दिव्य राम मंदिर में विराजमान हैं. आज रामनवमी के इस उत्सव में अयोध्या अपूर्व आनंद में है। सदियों की प्रतीक्षा के बाद, हम इस रामनवमी को अयोध्या में इस तरह मनाने के लिए भाग्यशाली हैं। यह अनगिनत देशवासियों की कठिन तपस्या, त्याग और समर्पण का फल है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘भगवान श्री राम भारतीय मानस के रोम-रोम में बसे हैं। भव्य राम मंदिर की पहली रामनवमी का यह अवसर उन अनगिनत राम भक्तों और संतों का भी स्मरण और श्रद्धांजलि है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राम मंदिर के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया।’
अमित शाह ने भी रामनवमी की शुभकामनाएं दीं
अमित शाह ने कहा, ‘जय श्री राम! रामनवमी के पावन पर्व पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ। मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान राम का जीवन न्याय, कल्याण और गौरव के लिये संघर्ष का प्रतीक है। भगवान ने अपने जीवन में सत्य और धर्म के लिए त्याग के उच्चतम आदर्श स्थापित किये और युगों-युगों तक समस्त विश्व का मार्गदर्शन किया। 500 वर्षों के बाद अपने जन्मस्थान के मंदिर में भगवान का जन्म मनाना सभी राम भक्तों के लिए गर्व की बात है। मैं प्रभु से सभी की भलाई के लिए प्रार्थना करता हूं।’

