Loksabha Election 2024: देशभर में लोकसभा चुनाव प्रचार के बीच आम आदमी पार्टी ने गुजरात में लोकसभा चुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है. दिल्ली शराब नीति मामले में जेल में रहने के बावजूद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम इस सूची में शामिल है। साथ ही केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी स्टार प्रचारकों में शामिल हैं. सूची में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, जेल में बंद आप नेता मनीष सिसोदिया और सत्येन्द्र जैन का भी नाम है।
स्टार प्रचारकों में ये नेता शामिल
गुजरात में लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी की 40 स्टार प्रचारकों की सूची में दिल्ली सरकार के मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज भी शामिल हैं. इस लिस्ट में राघव चड्ढा, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन, अमन अरोड़ा जैसे नाम भी शामिल हैं। इसके अलावा, इंडी गठबंधन के तहत गुजरात चुनाव के लिए उल्लेखनीय प्रचारकों में इसुदान गढ़वी, हेमंत खावा, सुधीर वाघानी, अल्पेश कथीरिया, राजूभाई सोलंकी, जगमालभाई वाला, कैलाश गढ़वी, डॉ. रमेश पटेल, प्रवीण राम और पंकज पटेल शामिल हैं।
“आप” दो सीटों पर लड़ रही चुनाव
बता दें कि गुजरात में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस सीट शेयरिंग फॉर्मूले के तहत मिलकर चुनाव लड़ रही हैं. आम आदमी पार्टी भरूच और भावनगर सीट से चुनाव लड़ रही है. चैतर वसावा भरूच से और उमेशभाई मकवाना भावनगर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
क्या राजनीति में आएंगी सुनीता केजरीवाल?
सुनीता केजरीवाल से अक्सर यह सवाल पूछा जाता है कि पार्टी में उनकी अगली भूमिका क्या होगी. सीएम केजरीवाल के जेल जाने के बाद सुनीता केजरीवाल पार्टी को एकजुट रखने में अहम भूमिका निभा रही हैं. वह जेल में रहने के दौरान सीएम केजरीवाल के संदेश पार्टी नेताओं को भेजती रहती हैं। सुनीता केजरीवाल भविष्य में चुनावी राजनीति में कदम रखेंगी या नहीं, इस विषय पर हर किसी की नजर है।

