आगामी पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर नोएडा में जिला प्रशासन और पुलिस हाई अलर्ट पर है। परीक्षा केंद्रों पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। इन कैमरों की निगरानी के लिए कमांड कंट्रोल रूम बनाया गया है। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक। प्रत्येक पाली में 7,400 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
नोएडा में 18 परीक्षा केंद्रों पर हो रही परीक्षा
2023 में पुलिस पदों पर सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त 2024 को होनी है। गौतमबुद्ध नगर में 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पुलिस भर्ती बोर्ड के मानकों के अनुसार केंद्र प्रभारियों और सीसीटीवी प्रभारियों को ड्यूटी सौंपी गई है। केंद्रों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर अलर्ट पर प्रशासन
परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्रों तक आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया गया है। विभिन्न स्थानों पर यातायात पुलिस और आवश्यक कार्यबल तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, मेट्रो स्टेशनों, बस स्टेशनों, टैक्सी स्टैंड और परीक्षा केन्द्रों के पास यातायात पुलिस के जवान तैनात रहेंगे।
मशीनों से होगी अभ्यर्थियों की जांच
परीक्षा के दौरान प्रत्येक केन्द्र पर, प्रशिक्षित पुलिसकर्मी मुख्य द्वार और प्रवेश द्वारों पर एचएचएमडी मशीनों का उपयोग करके गहन तलाशी और जांच करेंगे। महिला अभ्यर्थियों की जांच निर्धारित बाड़ों में की जाएगी, जहां आवश्यकतानुसार महिला पुलिस अधिकारी तैनात की जाएंगी। परीक्षा के दिनों में यूपी 112 वाहन परीक्षा केन्द्रों के आसपास के क्षेत्रों में गश्त करेंगे।

