PM Modi: पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार, 24 नवंबर 2024 को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 116वें एपिसोड के माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) दिवस की शुभकामनाएं देकर की। उन्होंने एनसीसी की महत्ता को रेखांकित करते हुए इसे अनुशासन, नेतृत्व और सेवा की भावना का परिचायक बताया।
पीएम मोदी ने कहा, “एनसीसी का नाम सामने आते ही हमें अपने स्कूल-कॉलेज के दिन याद आ जाते हैं। मैं खुद भी एनसीसी कैडेट रहा हूं, और यह अनुभव मेरे लिए अनमोल रहा है। एनसीसी युवाओं में अनुशासन और नेतृत्व के गुणों के साथ-साथ सेवा भावना को प्रबल बनाती है। आपदा के समय एनसीसी कैडेट्स का योगदान हमेशा सराहनीय रहा है।”
गुयाना में बसता है ‘मिनी इंडिया’
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय प्रवासियों के योगदान को रेखांकित करते हुए गुयाना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि करीब 180 साल पहले भारतीयों को खेतों में मजदूरी और अन्य कार्यों के लिए गुयाना ले जाया गया था। आज वहां भारतीय मूल के लोग राजनीति, व्यापार, शिक्षा और संस्कृति में नेतृत्व कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा, “गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. इरफान अली भी भारतीय मूल के हैं और अपनी भारतीय विरासत पर गर्व करते हैं। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि भारत से हजारों किलोमीटर दूर एक ‘मिनी इंडिया’ बसता है।”
स्लोवाकिया और ओमान में भारतीय संस्कृति का संरक्षण
प्रधानमंत्री ने स्लोवाकिया में भारतीय उपनिषदों के स्लोवाक भाषा में अनुवाद की चर्चा करते हुए इसे भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रभाव का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा, “यह प्रयास हमारी संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में एक अहम कदम है।”
ओमान का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वहां भारतीय मूल के परिवार कई शताब्दियों से बसे हुए हैं। गुजरात के कच्छ से गए इन परिवारों के इतिहास को संरक्षित करने के लिए भारतीय दूतावास और राष्ट्रीय अभिलेखागार के सहयोग से विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
ये भी पढें..
‘विकसित भारत युवा नेता संवाद’ का ऐलान
युवाओं को राजनीति में भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए प्रधानमंत्री ने ‘विकसित भारत युवा नेता संवाद’ कार्यक्रम का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसे युवाओं को राजनीति से जोड़ा जाएगा जिनके परिवारों की कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं रही है।
इस अभियान के तहत 11 और 12 जनवरी 2025 को दिल्ली के भारत मंडपम में एक भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती मनाई जाएगी। कार्यक्रम में देशभर से लगभग 2,000 युवा भाग लेंगे।

