Paris Olympic 2024: पेरिस ओलंपिक में भारत ने अपना पहला पदक जीत लिया है। मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल कर भारत को पहला पदक दिलाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनु भाकर की इस उपलब्धि को असाधारण बताया और बधाई दी। मनु भाकर ओलंपिक में पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला निशानेबाज बन गई हैं।
पीएम मोदी ने ट्वीट कर मनु भाकर को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा, “पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए पहला पदक जीतने के लिए बहुत बढ़िया मनु भाकर। कांस्य पदक जीतने पर हार्दिक बधाई। यह सफलता भारत के लिए और भी महत्वपूर्ण है क्योंकि मनु देश के लिए निशानेबाजी में पदक जीतने वाली पहली महिला निशानेबाज बन गई हैं। यह एक असाधारण उपलब्धि है।”
मनु भाकर 0.1 अंक से रजत पदक से चूक गईं
महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में मनु भाकर ने शनिवार को क्वालीफाई किया। पदक स्पर्धा रविवार को हुई, जिसमें मनु भाकर शुरू से ही शीर्ष 3 में शामिल थीं। वह प्रतियोगिता के दौरान शीर्ष स्थान पर भी पहुंचीं, लेकिन अंतिम दौर तक दोनों कोरियाई निशानेबाजों से पीछे रह गईं और तीसरा स्थान हासिल किया। मनु अंत तक रजत पदक की दौड़ में थीं, लेकिन मात्र 0.1 अंक से चूक गईं।
किसने जीता स्वर्ण और रजत?
10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में जहां मनु भाकर ने कांस्य पदक जीता, वहीं स्वर्ण और रजत पदक कोरिया के खाते में गए। कोरिया के ओह ये जिन ने स्वर्ण और किम येजी ने रजत पदक जीता। जिन ने इस प्रतियोगिता में कुल 243.2 अंक हासिल कर ओलंपिक रिकॉर्ड बनाया।

