BCCI Paris Olympics: पेरिस ओलंपिक 2024 की शुरुआत 24 जुलाई से होने जा रही है। इस आयोजन से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक अहम फैसला लिया है। सचिव जय शाह ने घोषणा की है कि BCCI भारतीय एथलीटों की मदद के लिए 8.5 करोड़ रुपये देगा। यह राशि भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) को दी जाएगी। जय शाह ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा की।
पेरिस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व 117 एथलीट करेंगे, जिसमें 70 पुरुष और 47 महिला एथलीट शामिल हैं। पेरिस ओलंपिक में भारतीय एथलीटों की पहली प्रतियोगिता 25 जुलाई को होगी। BCCI ने 8.5 करोड़ रुपये का योगदान देकर भारतीय एथलीटों की मदद के लिए बड़ा कदम उठाया है।
जय शाह ने दी जानकारी
जय शाह ने X (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में यह जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, “मुझे यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि BCCI पेरिस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले हमारे एथलीटों की मदद करेगा। हम इस अभियान के लिए IOA को 8.5 करोड़ रुपये दे रहे हैं।”
भारत की ओर से स्टार शटलर पीवी सिंधु, एचएस प्रणय, लक्ष्य सेन और अश्विनी पोनप्पा बैडमिंटन में हिस्सा लेंगे। संदीप सिंह और अर्जुन चीमा शूटिंग में हिस्सा लेंगे। सुमित नागल, रोहन बोपन्ना और एन श्रीराम बालाजी टेनिस में हिस्सा लेंगे। भारतीय एथलीट हॉकी, टेबल टेनिस, शूटिंग और बॉक्सिंग के अलावा अन्य खेलों में भी हिस्सा लेंगे।
यह भी पढ़ें: IND vs SL: भारतीय टीम को मिला टेम्परेरी बॉलिंग कोच, जानें किसे मिली जिम्मेदारी
मुक्केबाजी में अमित पंघाल, निखत जरीन, प्रीति पंवार और लवलीना बोरगोहेन अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे। गोल्फ में गगनजीत भुल्लर, शुभंकर शर्मा, अदिति अशोक और दीक्षा डागर हिस्सा लेंगे। भारतीय हॉकी टीम भी मैदान में उतरेगी। कुश्ती में विनेश फोगट, अमन सेहरावत, अंतिमा पंघाल और अंशु मलिक हिस्सा लेंगे।

