Noida: नोएडा के महामाया फ्लाईओवर के पास एनसीआर का पहला नेचुरल ट्रेल ऑफ आर्टिफिशियल जू थीम पार्क बनने जा रहा है। इस अनोखे थीम पार्क में पर्यटकों को प्रकृति और आधुनिकता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। नोएडा प्राधिकरण ने इसके निर्माण कार्य को शुरू कर दिया है और थीम पार्क में लगने वाली आकृतियों का काम भी तेज़ी से किया जा रहा है।
सीईओ ने किया निरीक्षण
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम ने हाल ही में थीम पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि पार्क का विकास अभी प्राकृतिक सौंदर्य के अनुरूप नहीं हो रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने पार्क को आधुनिक और प्राकृतिक रूप देने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
25 एकड़ में होगा फैला थीम पार्क
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, यह थीम पार्क 25 एकड़ क्षेत्र में बनाया जाएगा। इस पार्क में आधुनिक साउंड और लाइट इफेक्ट का उपयोग किया जाएगा, जो इसे और भी आकर्षक बनाएगा। थीम पार्क का एक प्रमुख आकर्षण होगा कबाड़ से बनाई गई कलाकृतियां। यहां डायनासोर, गैंडा, मगरमच्छ और चिड़ियों जैसी आकृतियां बनाई जाएंगी। साथ ही, बनारस और अयोध्या के घाटों जैसी ऐतिहासिक आकृतियां भी दर्शाई जाएंगी।
कबाड़ से बनेंगे 500 टन स्कल्पचर
पार्क में करीब 500 टन कबाड़ का उपयोग करके विभिन्न स्कल्पचर तैयार किए जाएंगे। इन स्कल्पचर्स को लोहे और प्लास्टिक वेस्ट से बनाया जाएगा। लोहे को पहले री-साइकिल किया जाएगा, फिर उसे स्कल्पचर के रूप में ढाला जाएगा। इस प्रक्रिया से न केवल कला का प्रदर्शन होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
जंगली जानवरों में होगी मूवमेंट और आवाज
थीम पार्क को 4डी तकनीक पर तैयार किया जा रहा है। यहां बनाए जाने वाले नकली जंगली जानवर असली जैसे प्रतीत होंगे। उनमें मूवमेंट और आवाज़ का भी समावेश किया जाएगा। पर्यटकों की सुविधा के लिए गाइड्स की व्यवस्था की जाएगी और सफारी का आनंद लेने के लिए खुली जीप और बस उपलब्ध होगी।
ये भी पढें..
Delhi-NCR Pollution: दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर, सांस लेने में मुश्किलें बढ़ीं
भविष्य में नाइट सफारी की योजना
नोएडा प्राधिकरण इस पार्क में भविष्य में नाइट सफारी शुरू करने की योजना भी बना रहा है। प्राधिकरण का दावा है कि यह थीम पार्क अपने आप में अनोखा होगा और इसके निर्माण से नोएडा एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।

