Delhi-NCR Pollution: राजधानी दिल्ली और एनसीआर में वायु प्रदूषण की स्थिति एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 393 दर्ज किया गया, जो गुरुवार के मुकाबले 22 अंक ज्यादा है। बढ़ते प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन जैसी समस्याएं हो रही हैं।
मौसम विभाग के विशेषज्ञों का कहना है कि शनिवार और रविवार को हवा की गुणवत्ता में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अगले दो दिनों तक एक्यूआई 300 के ऊपर रहने का अनुमान है, जो “बहुत खराब” श्रेणी में आता है।
हवा की धीमी गति और पश्चिमी दिशा ने बढ़ाया संकट
राजधानी में शुक्रवार को हवा की गति 4 से 8 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि हवा पश्चिम दिशा से बह रही थी। धीमी गति और दिशा के कारण प्रदूषक तत्व वातावरण में जम गए, जिससे स्मॉग की स्थिति पैदा हो गई। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम की मौजूदा स्थिति प्रदूषकों के फैलाव के लिए अनुकूल नहीं है, जिससे स्थिति और बिगड़ रही है।
वेंटिलेशन इंडेक्स में गिरावट से बढ़ेगा प्रदूषण
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, शुक्रवार को वेंटिलेशन इंडेक्स 4500 घनमीटर प्रति सेकंड दर्ज किया गया था, लेकिन अगले 24 घंटों में इसके 3500 घनमीटर प्रति सेकंड तक गिरने की संभावना है। वेंटिलेशन इंडेक्स में इस गिरावट के चलते प्रदूषक तत्व वातावरण में और ज्यादा जम सकते हैं, जिससे प्रदूषण का स्तर और बढ़ सकता है।
ये भी पढें..
नागरिकों को सांस लेने में दिक्कतें, स्वास्थ्य चेतावनी जारी
लगातार खराब होती हवा की गुणवत्ता से राजधानी के लोग मुश्किल में हैं। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि बुजुर्ग, बच्चे और सांस संबंधी बीमारियों से ग्रसित लोग बाहर जाने से बचें। वहीं, प्रदूषण के चलते आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याएं आम हो गई हैं।

