Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में साइबर अपराधियों ने एक सरकारी शिक्षिका के खाते से 5.58 लाख रुपये उड़ा लिए। यह घटना उस समय सामने आई जब शिक्षिका ने अपने बैंक खाते का बैलेंस चेक किया और बड़ी धनराशि गायब पाई। परेशान शिक्षिका ने अपने परिवार से जानकारी ली, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने साइबर थाना पुलिस से शिकायत दर्ज कराई।
पैसे गायब होने का पता बैंक बैलेंस चेक करने पर चला
सूत्रों के अनुसार, रोहिल्लापुर के प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापिका के पद पर तैनात सुरभि सिंह ने बताया कि उनका वेतन खाता एक राष्ट्रीयकृत बैंक में है। कुछ दिन पहले उन्होंने अपने खाते का बैलेंस चेक किया, तो पाया कि खाते से 5.58 लाख रुपये गायब हैं।
किसी से नहीं साझा किया ओटीपी या जानकारी
शिक्षिका ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी डेबिट कार्ड या यूपीआई का उपयोग नहीं किया और न ही किसी को ओटीपी साझा किया। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने खाते से नेट बैंकिंग का भी कभी इस्तेमाल नहीं किया। इसके बावजूद उनके खाते से एनईएफटी (NEFT) के माध्यम से यह बड़ी रकम निकाली गई।
पुलिस जांच में जुटी
ठगी के बाद सुरभि सिंह ने साइबर थाना पुलिस और बैंक शाखा में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढें..
Noida News: नोएडा प्राधिकरण का बड़ा फैसला, अब फेस ऐप के जरिए कर्मचारियों की लगेगी हाजिरी
शिक्षिका की चिंताएं बढ़ीं
इस घटना के बाद शिक्षिका ने अपनी चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि बिना उनकी जानकारी और सहमति के इतनी बड़ी धनराशि निकाल लिया जाना बेहद गंभीर और चिंताजनक है।
साइबर थाना पुलिस ने लोगों को सतर्क करते हुए सलाह दी है कि वे अपने बैंकिंग विवरण, ओटीपी और अन्य संवेदनशील जानकारी किसी से साझा न करें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत रिपोर्ट करें।

