Noida News: उत्तर प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले हाईटेक शहर नोएडा में बिजली का ढांचा पूरी तरह चरमरा गया है। बार-बार बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। रविवार को शहर के 15 से अधिक सेक्टरों में बिजली गुल हो गई। बिजली न होने से उमस भरी गर्मी में लोगों को काफी परेशानी हुई।
आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई
सेक्टर-100 आरडब्ल्यूए के महासचिव सुमीर सिंह रावत ने बताया कि सेक्टर में आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बिजली आने-जाने का कोई तय शेड्यूल नहीं है। स्थिति यह है कि कई जगहों पर पैनल बॉक्स तो लगे हैं, लेकिन पैनल बॉक्स तक जाने वाली केबल लाइनें गायब हैं। संपर्क करने पर बिजली निगम के अधिकारी टालमटोल करते हैं। बांस-बल्लियों के सहारे आपूर्ति ा प्रबंध किया जा रहा है। रविवार को भी सेक्टरवासियों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
विभाग के सभी दावे निराधार
सेक्टर-49 हिंडन विहार निवासी एके निगम ने बताया कि रविवार को उमस भरी गर्मी में उन्हें बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि उन्होंने दो महीने पहले अपने कनेक्शन का लोड बढ़ाने के लिए आवेदन किया था, लेकिन अभी तक लोड नहीं बढ़ाया गया। सेक्टर-63 छिजारसी कॉलोनी निवासी एनके यादव ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि बारिश के दौरान मांग कम होने के बाद बिजली आपूर्ति में सुधार होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रविवार को भी उन्हें बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। लोगों का आरोप है कि विभाग के सभी दावे निराधार हैं।
आधिकारिक बयान
बिजली विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को 15 से अधिक सेक्टरों में खराबी के कारण बिजली गुल हुई। इससे लोगों को परेशानी हुई। खराबी को ठीक कर दिया गया है और आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

