Noida News : अयोध्या में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के चलते नोएडा और ग्रेटर नोएडा भी राम की भक्ति में सराबोर है। जिले में दिवाली जैसा माहौल है। शहर के प्रमुख मंदिरों व 100 से अधिक सोसाइटी और सेक्टर में सुबह से ही धार्मिक कार्यक्रम जारी है। इनका समापन दोपहर बाद भंडारों के बाद होगा। इसके बाद शाम को मंगलदीप जलाए जाएंगे साथ ही कई सोसाइटी और मंदिरों के आसपास आतिशबाजी भी की जाएगी।
नोएडा में राम नाम की गूंज इस्कॉन मंदिर को 5000 दीपक से सजाया गया
राम लला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए नोएडा में सुबह से ही सेक्टरों में प्रभातफेरी निकाली गई। अनेक स्थानों पर कलश यात्रा भी निकली गई। मंदिरों में कहीं पर अखंड रामायण का पाठ हो रहा है तो कहीं पर सुंदरकांड। बाजारों में भी राम के गीत बज रहे है। शॉपिंग मॉल भी भक्ति रस में डूबा रहा। गौड़ मॉल में राम मूर्ति के अलावा राम मंदिर स्थापित किया जाएगा। इस्कॉन मंदिर को 5000 दीपक से सजाया गया है।
जेपी विश टाउन सोसाइटी में एक लाख दीये जलेंगे
सेक्टर-128 स्थित जेपी विश टाउन सोसाइटी में आज शाम को एक लाख 25 हजार दीये जलाकर राम लला की प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव मनाया जाएगा। इसके अलावा शाम को कथक नृत्य के जरिए रामायण के प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा की कई सोसाइटी में भव्य आयोजन होगा। इसके लिए लोगों के बीच दीये वितरित किए गए हैं।

