Noida News: नोएडा के फेज-1 थाना पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी चोरी की बाइकों को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बड़े कबाड़ियों को बेचते थे। आरोपी अब तक 40 से ज्यादा बाइक चोरी कर बेच चुके हैं।
जानिए पूरा मामला
नोएडा जोन के एडीसीपी मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों में से एक नाबालिग है। हालांकि, वह 9वीं फेल है और उसकी उम्र को लेकर धोखाधड़ी का शक है। दूसरे आरोपी की पहचान नीतीश शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बाराबंकी का रहने वाला है। फिलहाल वह दिल्ली के मयूर विहार में रह रहा था।
एडीसीपी ने बताया कि ये आरोपी लोगों की नजर बचाकर मेट्रो स्टेशन, भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और शहर के कई अन्य स्थानों से वाहन चुराते थे। इसके बाद चोरी की गई बाइकों को किनारे सुरक्षित जगह पर पार्क कर देते थे। इसके बाद वे बाइकों पर नजर रखते थे और यह सुनिश्चित करते थे कि जैसे ही लोगों का ध्यान बंटे और किसी को उन पर शक न हो, वे बाइक लेकर फरार हो जाएं। दोनों आरोपियों को छह बाइकों के साथ गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से पांच बाइकों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जबकि एक बाइक लावारिस बताई गई है।
दिल्ली में सस्ते दामों पर बेचते थे बाइक
ये आरोपी चोरी की गई गाड़ियों को दिल्ली में सस्ते दामों पर बेचते थे। इस तरह से आरोपियों ने बाइक चोरी को अपना धंधा बना लिया था। पुलिस ने बताया कि इनके खिलाफ दिल्ली में भी चोरी के मामले दर्ज हैं। अन्य खुलासों के साथ ही पुलिस चोरी की गई इन गाड़ियों के खरीदारों की भी जांच कर रही है।

