Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गाजियाबाद में एम्स दिल्ली का सेटेलाइट सेंटर बनाया जाएगा। जल्द ही गाजियाबाद को एम्स सेटेलाइट सेंटर की सुविधाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी। इस प्रस्ताव को आगे बढ़ा दिया गया है। योगी ने कहा कि पिछले 10 सालों में गाजियाबाद में बड़ा बदलाव आया है। अब यहां सुरक्षा का बेहतरीन माहौल है और लोगों को बुनियादी सुविधाएं मिल रही हैं। गाजियाबाद में रैपिड रेल सिस्टम है और अब यहां का अपना एयरपोर्ट भी है।
माफिया राज से स्मार्ट सिटी बना गाजियाबाद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले यहां माफियाओं की सरकार थी और किसी की सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं थी। अब गाजियाबाद बदल गया है। 10 साल बाद कोई यहां आएगा तो शहर को पहचान नहीं पाएगा। पहले गाजियाबाद की पहचान माफियाओं, गंदगी और अव्यवस्था से होती थी, लेकिन आज यह स्मार्ट सिटी बन गया है। गाजियाबाद में अब दो एक्सप्रेसवे हैं। हाईवे की हालत सुधरी है और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर ने गाजियाबाद के विकास को गति दी है।
गाजियाबाद में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हुई हैं
सीएम योगी ने कहा कि गाजियाबाद में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हुई हैं। अब यहां हर सरकारी अस्पताल में अपना ऑक्सीजन प्लांट है। जिले में तीन संयुक्त जिला अस्पताल हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान बुनियादी ढांचे की कमी के कारण काफी चुनौतियां थीं, लेकिन अब ऐसा नहीं है। स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे में सुधार हुआ है और यह और बेहतर होता जाएगा, खासकर तब जब एम्स दिल्ली के विशेषज्ञों से गाजियाबाद से ही परामर्श संभव हो सकेगा। इसके लिए सरकार तैयारी कर रही है।\
यह भी पढ़ें: Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बढ़ा आवारा कुत्तों का प्रकोप, महिलाओं ने जमकर किया विरोध प्रदर्शन
कैबिनेट मंत्री ने कहा अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बोलने से पहले साहिबाबाद के पूर्व विधायक और कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने भी प्रदेश में कानून के राज की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में सुरक्षा का माहौल कायम हो गया है। अब यहां अपराधी नहीं मिलेंगे। अगर कोई अपराधी मिलता है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। पूरे प्रदेश में अपराध खत्म हो गया है और रोजगार का सृजन हुआ है। योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश के पहले मुख्यमंत्री हैं जो हर जिले में जाकर रोजगार बांट रहे हैं।

