Noida News: प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम ने वर्क सर्किल -9 के विकास कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वर्क सर्किल 9 के वरिष्ठ प्रबंधक व अभियंता उनके साथ रहे। सीईओ ने वर्क सर्किल में एक्सप्रेसवे के सामानांतर 45 मीटर चौड़ी सड़क जहां सर्विस रोड से कनेक्ट हो रही है उन चौराहों पर सिविल एवं सौंदर्यकरण कराने, फुटपाथों एवं सेंट्रल वर्ज पर लगे कर्व स्टोनों को ठीक करने, इंटरलॉकिंग टॉयल्स एवं फुटपाथों की मरम्मत करने के अलावा नोएडा एक्सप्रेस वे पर ग्राम सुलतानपुर के सामने बने अंडरपास को चौड़ा करने के निर्देश भी दिए।
अधिकारियों को दिया निर्देश
उन्होंने एक्सप्रेसवे के सामानांतर निर्मित क्षतिग्रस्त नाले के भाग को आरसीसी में परिवर्तित करने, सेक्टर 166 व 167 के बीच सड़क का निर्माण, सेक्टर 164 में चल रहे समस्त सड़क एवं नालियों के कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने वर्क सर्किल 9 में नए सेक्टरों के विकास के लिए 45 व 30 मीटर चौड़ी सड़क के लिए भूमि चिन्हित करने, ग्राम छपरौली बांगर से दल्लूपुरा एवं उससे आगे जाने वाली मुख्य सड़क पर बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए सड़क को चौड़ा करने के लिए कहा।
एडवांट के पास बने अंडरपास के पास पड़े मिट्टी के ढेर को हटाने के लिए कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए सिंचाई नाले के ऊपर स्टोन पिंचिंग एवं नाले की सफाई तथा नालों में उगी झाडियों और शिल्ट को हटाया जाए। साथ ही सभी गोल चक्करों, ट्राइपोट पर आवश्यक सिविल कार्य एवं पेंट कराया जाए, जिससे नोएडा शहर साफ सुथरा और आकर्षित दिखे।

