Noida News: जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट और आसपास के अन्य इलाकों तक यात्रा को सुगम बनाने के लिए आधुनिक इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा शुरू की जाएगी। इस संबंध में यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने महिंद्रा लॉजिस्टिक्स मोबिलिटी के साथ समझौता किया है। यह सेवा यात्रियों को सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। पहले चरण में एयरपोर्ट के संचालन के पहले वर्ष में 50 लाख यात्रियों को टैक्सी सेवा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
पहले चरण में 1,200 से अधिक टैक्सियां
यात्रियों की संख्या को देखते हुए पहले चरण में 1,200 से अधिक इलेक्ट्रिक टैक्सियां संचालित की जाएंगी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया जा रहा है। सभी ग्राउंड सर्विस वाहन जैसे एयरक्राफ्ट पुशबैक ट्रैक्टर, बैगेज ट्रैक्टर और कार्गो लोडर पूरी तरह इलेक्ट्रिक होंगे। इन वाहनों को भारी सामान उठाने और धकेलने के कामों के लिए डिजाइन किया गया है। डीजल, पेट्रोल या सीएनजी वाहनों की जगह इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल से एयरपोर्ट के कार्बन उत्सर्जन में काफी कमी आएगी।
ऑनलाइन बुकिंग के कई विकल्प
टर्मिनल बिल्डिंग के अंदर से यात्रियों को लाने-ले जाने के लिए विशेष इलेक्ट्रिक टैक्सियाँ चलाई जाएँगी। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि यात्रियों को टैक्सियों के लिए लंबे समय तक प्रतीक्षा न करनी पड़े। इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा दी जाएगी। यात्रियों के लिए मोबाइल ऐप, वेबसाइट, कॉल सेंटर, एयरलाइन अलायंस और कियोस्क जैसी सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी।

