Delhi Cyber Crime:अगर आप नौकरी की तलाश कर रहे हैं और आपको जॉब पोर्टल के जरिए शॉर्टलिस्ट होने का ऑफर मिला है, तो सावधान हो जाइए, क्योंकि आप साइबर जालसाजों के अगले निशाने पर आ सकते हैं। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के साइबर थाने की टीम ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो खुद को नामी जॉब पोर्टल से जुड़ा बताकर भोले-भाले लोगों को ठगता था। बाद में अलग-अलग धाराओं में फंसाकर पैसे ऐंठ लेता था।
बता दें कि इस मामले में पुलिस ने चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान निखिल त्यागी, अंकुर शर्मा, वरुण भंडारी और सूरज कुमार के रूप में हुई है। चारों आरोपी उत्तर प्रदेश के बागपत और दिल्ली के फजलपुर और शकरपुर के रहने वाले हैं। इन्हें दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और दो लैपटॉप जब्त किए हैं।
महिला से लाखों रुपये ठगे
डीसीपी एम. हर्षवर्धन ने बताया कि पुलिस को एनसीआरपी पोर्टल के जरिए ऑनलाइन शिकायत मिली थी। एक महिला ने बताया कि उसे एक अनजान नंबर से कॉल आया, जिसमें नौकरी डॉट कॉम का दावा किया गया। आरोपी ने उसे बताया कि उसका बायोडाटा विप्रो कंपनी के लिए शॉर्टलिस्ट हो गया है और इसके लिए उसे 2500 रुपये का सेवा शुल्क देना होगा।
शुरू में तो महिला ने कोई भी भुगतान करने से मना कर दिया, लेकिन जब उसे भरोसा दिलाया गया कि राशि वापस की जा सकती है, तो वह मान गई। इसके बाद उसका फर्जी इंटरव्यू लिया गया और बाद में अलग-अलग आरोपों के नाम पर उससे 1,25,150 रुपये ठग लिए गए।
न्यू अशोक नगर में हुई गिरफ्तारी
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए टीम बनाई। टीम में इंस्पेक्टर संदीप पंवार, इंस्पेक्टर मनोज कुमार, एसआई धीरेंद्र, एचसी किशन और कांस्टेबल सतपाल शामिल थे। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के बैंक खाते की जानकारी और अन्य रिकॉर्ड हासिल किए। उन्होंने आरोपियों के मोबाइल फोन से उनके ठिकानों का भी पता लगाया।
आखिरकार पुलिस की मेहनत रंग लाई और उन्होंने न्यू अशोक नगर इलाके में छापेमारी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया और धोखाधड़ी की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच कर रही है।

