Noida: गाजियाबाद स्थित मैन पावर सप्लाई करने वाली कंपनी एमएस मैन पावर ग्रुप के डायरेक्टर संतोष कुमार ने सेक्टर-63 स्थित आरव इंटरनेशनल के खिलाफ 29 लाख रुपये के बकाए का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, आरोपी कंपनी ने श्रमिकों का वेतन समय पर न देकर 29 लाख 65 हजार रुपये का भुगतान नहीं किया है। इस मामले में आरोपी कंपनी के डायरेक्टर सौरभ शर्मा के खिलाफ नोएडा के सैक्टर-63 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संतोष कुमार ने बताया कि जनवरी 2024 में आरव इंटरनेशनल के साथ मैन पावर सप्लाई का अनुबंध हुआ था, जिसके बाद दोनों कंपनियों के बीच काम शुरू हुआ। शुरुआत में श्रमिकों का वेतन समय पर दिया गया, लेकिन बाद में 33 लाख 65 हजार रुपये का भुगतान बकाया रह गया। इसमें से केवल 4 लाख रुपये ही जमा किए गए, जबकि बाकी 29 लाख 65 हजार रुपये का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है।
ये भी पढें..
Greater Noida: होटल मालिक को मिली जान से मारने की धमकी, आरोपी फरार, पुलिस ने शुरू की जांच
संतोष कुमार का आरोप है कि सौरभ शर्मा ने उन्हें झूठे आश्वासन दिए और बकाए वेतन को चुकाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए। उन्होंने बताया कि वेतन देने के लिए उन्हें 20 लाख रुपये का ऋण लेना पड़ा था, जिसका ब्याज अब वे बैंकों को चुका रहे हैं। इसके अलावा, आरोपी ने उन्हें 20 लाख रुपये का चेक दिया, जो बैंक में पर्याप्त धन न होने के कारण बाउंस हो गया। इससे उनकी कंपनी को गंभीर वित्तीय नुकसान हुआ है और कारोबार पर भी असर पड़ा है।

