Noida: नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति और उसके साथियों पर बीच सड़क पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रेवाड़ी से नोएडा पहुंची थी पीड़िता
हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली काजल ने बताया कि उसका पति रवि यादव उससे आए दिन मारपीट करता था। लगातार हो रही इस प्रताड़ना से तंग आकर काजल 11 अगस्त को रेवाड़ी से नोएडा आ गई। नोएडा के सेक्टर-70 में उसकी सहेली मन्नू रहती है, जिसके पास वह मदद के लिए आई थी।
बीच सड़क पर हुई घटना
पीड़िता का कहना है कि जब वह सेक्टर-70 में अपनी सहेली का इंतजार कर रही थी, उसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति बाइक पर आकर उसे अपने साथ चलने के लिए कहने लगा। जब उसे मना किया, तो थोड़ी देर बाद एक सफेद रंग की कार वहां आकर रुकी। इस कार में उसका पति रवि यादव और उसके कुछ साथी मौजूद थे।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पति और उसके साथियों ने बीच सड़क पर उसके साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। जब काजल ने पुलिस को फोन करने की कोशिश की, तो आरोपी वहां से भाग निकले।
ये भी पढ़ें..
पुलिस ने दर्ज किया मामला
थाना फेज-3 के प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला पति-पत्नी के बीच का घरेलू विवाद लग रहा है। पुलिस ने कहा कि इस मामले में जांच जारी है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।

