दिल्ली से सटे इलाके में चोरों ने अपना फोकस घर, दुकान, मॉल या मंदिर से हटाकर फार्महाउस पर कर लिया है। पिछले एक महीने में चोरों ने करीब 15 लाख रुपये की बकरियां चुरा ली। 7 अगस्त की रात को चोरों ने 10 बकरियां चुरा लीं और फिर फरार हो गए। इन बकरियों की कीमत लाखों में बताई जा रही है। फिलहाल नोएडा पुलिस चोरी हुई बकरियों की तलाश कर रही है।
लाखों की बकरियां चोरी
बकरी व्यापारी ने एक्सप्रेसवे थाने में शिकायत दर्ज कराई है। व्यापारी ने बताया कि चोरी हुई एक बकरी की कीमत करीब 70 हजार रुपये है, जिससे 10 बकरियों की कुल कीमत करीब 5-7 लाख रुपये है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के बकरा व्यापारी अबूजार उर्फ कमाल ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 7 अगस्त की रात 3-4 बजे के बीच नोएडा के सेक्टर 135 स्थित ग्रन ब्यूटी फार्म से बकरियां चोरी हो गईं। चोरों ने बकरियों के बाड़े का ताला और बोल्ट तोड़कर बकरियां चुरा लीं।
पुलिस कर रही चोरों की तलाश
पिछले महीने भी चोरों ने इसी स्थान से 7 बकरियां चुराई थीं। ये सभी बकरियां उच्च नस्ल की थीं और प्रत्येक बकरी की कीमत करीब ₹1 लाख थी। अब तक चोरों ने करीब ₹14-15 लाख की बकरियां चुरा ली हैं। एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी है। उन्हें पूरा भरोसा है कि चोर जल्द ही पकड़े जाएंगे।

