Noida: गौतमबुद्ध नगर जिले के लिए एक अच्छी खबर है। आने वाले साल में नोएडा और ग्रेटर नोएडा बस डिपो को 80 नई साधारण सीएनजी बसों का तोहफा मिलेगा। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ने जानकारी दी कि ये बसें जनवरी 2025 से चरणबद्ध तरीके से डिपो को उपलब्ध कराई जाएंगी।
डिपो में सीएनजी बसों की संख्या बढ़ेगी
फिलहाल नोएडा और ग्रेटर नोएडा बस डिपो में 267 साधारण सीएनजी बसें हैं। इनमें नोएडा डिपो में 161 और ग्रेटर नोएडा डिपो में 106 बसें संचालित हो रही हैं। नए बसों के जुड़ने के बाद यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
मनोज कुमार ने बताया कि जनवरी 2025 में शुरू होने वाले प्रयागराज महाकुंभ मेले के मद्देनजर इन बसों का उपयोग किया जाएगा। हालांकि, ये बसें सीएनजी पर ही चलेंगी और इन्हें डीजल में नहीं बदला जाएगा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा से लखनऊ तक श्रद्धालुओं को पहुंचाने के लिए सीधी बस सेवा शुरू होगी। लखनऊ से प्रयागराज तक के लिए अन्य बस सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
रोजगार मेला: संविदा चालकों की होगी नियुक्ति
नई बसों के संचालन के लिए 200 संविदा चालकों की भर्ती की जाएगी। इसके लिए 28 और 29 नवंबर को नोएडा बस डिपो में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाले इस मेले में आवेदकों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
ड्राइवरों की संख्या बढ़ेगी 800 से ज्यादा
इस समय दोनों डिपो में स्थायी और संविदा मिलाकर 600 से अधिक चालक कार्यरत हैं। नई भर्तियों के बाद यह संख्या 800 से अधिक हो जाएगी। मनोज कुमार ने बताया कि भविष्य में जरूरत पड़ने पर और भर्तियां भी की जाएंगी।
डिपो में होंगी नई सुविधाएं
बसों की संख्या बढ़ने के साथ डिपो में नई सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी। इनमें एसी वेटिंग रूम, बसों के लिए नए प्लेटफॉर्म, एलईडी स्क्रीन डिस्प्ले और सूचना केंद्र शामिल हैं। इनसे यात्रियों को बेहतर सेवा और जानकारी मिलेगी।
ये भी पढें..
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में सड़क हादसे में दूध कारोबारी की मौत, परिवार में मचा कोहराम
महत्वपूर्ण जानकारी
- रोजगार मेला: 28 और 29 नवंबर
- समय: सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक
- स्थान: नोएडा बस डिपो
इस खबर से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के यात्रियों को राहत और बेहतर यात्रा सुविधाओं की उम्मीद है।

