Noida: नोएडा के फेज-1 थाने में पेट्रोल पंप कर्मचारियों से मारपीट के मामले में दिल्ली के विधायक अमानतुल्लाह और उनके बेटे की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई दिनों से फरार चल रहे आप विधायक की संपत्ति की कुर्की के आदेश नोएडा कोर्ट ने जारी किए हैं। घटना 24 दिन पहले हुई थी, इसके बावजूद विधायक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
कुर्की नोटिस चस्पा करने का आदेश
पुलिस फरार विधायक, उनके बेटे अनस और अबू बकर की संपत्ति की कुर्की की तैयारी कर रही है। कोर्ट ने आदेश दिया है कि कुर्की करने से पहले नोटिस चस्पा किया जाए। कोर्ट ने खास तौर पर निर्देश दिया है कि आप विधायक अमानतुल्लाह खान, उनके बेटे अनस और अबू बकर के खिलाफ कुर्की नोटिस चस्पा किया जाए, जो फिलहाल फरार हैं। जल्द ही कुर्की की प्रक्रिया शुरू होगी।
क्या है पूरी घटना?
7 मई को सेक्टर 95 स्थित पेट्रोल पंप पर अमानतुल्लाह खान के बेटे अनस ने अपने साथियों के साथ मिलकर कर्मचारियों से मारपीट की थी। हालांकि उस समय स्थिति शांत हो गई थी, लेकिन एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, कथित हमले के बाद अनस ने अपने पिता अमानतुल्लाह खान को घटना की जानकारी दी। इसके बाद अमानतुल्लाह खान ने पेट्रोल पंप मालिक और मैनेजर को धमकाया। पीड़ित विनोद कुमार सिंह ने घटना के संबंध में फेज-1 थाने में शिकायत दर्ज कराई। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पेट्रोल पंप से सीसीटीवी फुटेज भी जब्त कर ली है। अमानतुल्लाह खान ने दावा किया कि उनका बेटा कानून की पढ़ाई कर रहा है और यह घटना उस समय हुई, जब उनका बेटा परीक्षा देने जा रहा था।
ये भी पढ़ें..
Delhi News : दिल्ली में पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में आग लगी, 300 वाहन जलकर खाक
पंजाब और हरियाणा में प्रचार
सूत्रों ने बताया कि आप विधायक अमानतुल्लाह खान हरियाणा और पंजाब में अपनी पार्टी के लिए प्रचार कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रचार की तस्वीरें शेयर करना बंद कर दिया है। घटना के बाद, ट्राइसिटी टुडे ने बताया कि आप विधायक सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं, जिसके बाद पुलिस ने उनके सोशल मीडिया हैंडल की जांच की। इसके बाद से विधायक ने अपने प्रचार की तस्वीरें शेयर करना बंद कर दिया है।

