Independence Day 2024: दिल्ली सरकार ने फैसला किया है कि 2024 के स्वतंत्रता दिवस पर मंत्री आतिशी ही झंडा फहराएंगी। यह फैसला मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से चर्चा के बाद लिया गया। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने तिहाड़ जेल जाकर सीएम अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की, जिसके बाद जीएडी विभाग को आदेश जारी किए गए।
गोपाल राय से बातचीत करते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस स्वतंत्रता दिवस पर मंत्री आतिशी ही झंडा फहराएंगी। इस संबंध में जीएडी विभाग के एसीएस झंडा फहराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम कर रहे हैं। मंत्री गोपाल राय ने इस मामले में निर्देश देते हुए पत्र लिखा है।
छत्रसाल स्टेडियम में फहराया जाएगा झंडा
गौरतलब है कि हर साल स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में मुख्यमंत्री झंडा फहराते हैं। आम आदमी पार्टी के सत्ता में आने के बाद से ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल झंडा फहराते आ रहे हैं। हालांकि, फिलहाल वे न्यायिक हिरासत में हैं। नतीजतन, गोपाल राय और सीएम केजरीवाल ने मिलकर फैसला किया है कि इस साल आतिशी ही झंडा फहराएंगी। मुख्यमंत्री की ओर से उपराज्यपाल विनय सक्सेना को एक पत्र भी भेजा गया, जिसमें अनुरोध किया गया कि इस बार ध्वजारोहण की जिम्मेदारी आतिशी को दी जाए।
आतिशी की जिम्मेदारियां
बता दें कि दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी कुल 14 विभाग संभालती हैं। इनमें जनसंपर्क विभाग, शिक्षा विभाग, कानून एवं न्याय विभाग और जल विभाग शामिल हैं। आतिशी को सीएम केजरीवाल के बाद दिल्ली की सबसे ताकतवर नेता माना जाता है, क्योंकि वे सबसे ज्यादा विभाग देखती हैं। आम आदमी पार्टी की महिला नेता आतिशी ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हैं और शिक्षा के क्षेत्र में अपने बेहतरीन काम के लिए जानी जाती हैं।

