Ghaziabad News: गाजियाबाद में तीन करोड़ की घड़ियों की चोरी होने के मामले में पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्रा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस कमिश्नर ने इस पूरे मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में इंदिरापुरम एसएचओ जितेंद्र दीक्षित और कनावनी चौकी प्रभारी लाल सिंह कनौजिया को निलंबित कर दिया है। साथ ही उन्होंने इन दोनों पुलिस अफसरों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, नोएडा निवासी श्याम सुदर गुप्ता इंदिरापुरम में सीआईएसएफ रोड पर जयपुरिया मॉल के सामने “साईं क्रिएशन” नाम से ब्रांडेड घड़ियों का शोरूम चलाते हैं। शनिवार रात करीब 9 बजे वह शोरूम बंद करके घर चले गए। रविवार सुबह जब शोरूम मैनेजर मुकुल शर्मा मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि शटर टूटा हुआ था और अंदर रखी सभी कीमती घड़ियां चोरी हो चुकी थीं। अब तक की गई गिनती के अनुसार शोरूम से करीब 671 ब्रांडेड घड़ियां चोरी होने की बात सामने आई है। चोरी हुई घड़ियों में राडो, टिसॉट, टैग ह्यूअर, लॉन्गिंस, वर्सेस और गेस जैसे कई बड़े ब्रांड शामिल हैं।
घटना के समय गार्ड रूम में था गार्ड
जिस मार्केट में यह शोरूम है, वहां एक गार्ड भी ड्यूटी पर है। जांच में पता चला है कि घटना के समय गार्ड गार्ड रूम के अंदर था। पूछताछ में उसने दावा किया कि वह बारिश के कारण अंदर गया था, जबकि पुलिस ने कहा है कि उस समय बारिश नहीं हो रही थी। ऐसे में गार्ड की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साथ ही पुलिस ने अपराधियों के रास्ते के बारे में जानकारी जुटाने के लिए आसपास के करीब 50 सीसीटीवी कैमरे चेक किए हैं। पुलिस हिरासत में लिए गए कुछ संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ कर रही है। साथ ही डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम भी जांच के लिए मौके पर पहुंची है।

