IND vs AUS 4th Test: मेलबर्न में खेले जा रहे चौथे टेस्ट का तीसरा दिन नितीश कुमार रेड्डी के नाम रहा। नितीश ने ऐतिहासिक शतक लगाकर बॉक्सिंग डे टेस्ट में बाजी पलट दी। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 9 विकेट पर 358 रन बना लिए थे। स्टंप्स के समय नितीश कुमार रेड्डी 105 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि मोहम्मद सिराज 2 रन बनाकर नाबाद रहे। टीम इंडिया अब ऑस्ट्रेलिया से 116 रन पीछे है।
नितीश रेड्डी और सुंदर ने पलटा खेल
जब ऋषभ पंत 28 और रवींद्र जडेजा 17 रन बनाकर आउट हुए तो भारत पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा था। 221 रन पर भारत ने सात विकेट खो दिए थे। ऐसा लग रहा था कि मैच भारत के हाथ से पूरी तरह निकल गया है, लेकिन असली जंग अभी बाकी थी। नितीश कुमार रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर ने हार मानने से इनकार कर दिया। उनकी दमदार बल्लेबाजी ने खेल का रुख पलट दिया। नितीश और सुंदर ने आठवें विकेट के लिए 127 रन जोड़े।
बता दें कि सुंदर ने 162 गेंदों पर एक चौके की मदद से 50 रन बनाए। नीतीश ने शानदार शतक जड़ा, उन्होंने अब तक 10 चौके और एक छक्का लगाया। रेड्डी ने 171 गेंदों पर 10 चौके और एक छक्के की मदद से अपना शतक पूरा किया। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे नीतीश ने टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाला। उनके शतक ने टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
दूसरे दिन टीम इंडिया की स्थिति खराब रही
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने महज 164 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। ऐसा लग रहा था कि टीम पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाने में विफल रहेगी। चौथे दिन टीम इंडिया ने अपना छठा विकेट 191 के स्कोर पर और सातवां विकेट 221 के स्कोर पर गंवा दिया। इसके बाद से सारी उम्मीदें खत्म होती नजर आईं। हालांकि, नीतीश रेड्डी और सुंदर ने जिम्मेदारी संभाली और आठवां विकेट गिरने तक टीम को 348 के स्कोर तक पहुंचा दिया। यह कहना गलत नहीं होगा कि तीसरा दिन टीम इंडिया के नाम रहा।

