IND vs AUS 4th Test: मेलबर्न में खेले जा रहे बॉक्सिंग डे टेस्ट का पहला दिन मेजबान ऑस्ट्रेलिया के नाम रहा। पांच मैचों की सीरीज का यह चौथा टेस्ट मैच है। इस मैच में 19 वर्षीय सैम कॉन्स्टास ने डेब्यू किया और अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। पहले दिन चार ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़े। स्टंप्स के समय स्टीव स्मिथ 68 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि पैट कमिंस 8 रन बनाकर नाबाद रहे।
मेलबर्न में भारत ने दो स्पिनरों को उतारने का फैसला किया, लेकिन कप्तान रोहित का यह फैसला अब तक कारगर साबित नहीं हुआ है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट के नुकसान पर 311 रन बना लिए थे। पहले दिन सैम कॉन्स्टास, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन और स्टीव स्मिथ ने अर्धशतक जड़े। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट लिए।
मेजबान टीम की शानदार शुरुआत
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने ख्वाजा और कॉन्स्टास की बदौलत शानदार शुरुआत की। इस जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 89 रन जोड़े। कॉन्स्टास 65 गेंदों पर 60 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल थे। खास बात यह रही कि युवा बल्लेबाज ने जसप्रीत बुमराह के खिलाफ रैंप शॉट खेला और कई चौके लगाए, जिससे उन्हें काफी प्रशंसा मिली। कॉन्स्टास को रवींद्र जडेजा ने आउट किया।
दूसरे विकेट के लिए भी अर्धशतकीय साझेदारी हुई। ख्वाजा दूसरे विकेट के लिए आउट हुए, जिन्होंने 121 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिसमें 6 चौके शामिल थे। ख्वाजा को बुमराह ने पवेलियन भेजा। इसके बाद स्मिथ और लाबुशेन ने जम कर 83 रन की साझेदारी की।
बुमराह ने लिए 3 विकेट
लाबुशेन 145 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 72 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें वाशिंगटन सुंदर ने पवेलियन भेजा। इसके बाद ट्रैविस हेड और मिशेल मार्श सस्ते में आउट हो गए। हेड शून्य पर आउट हुए और मार्श 4 रन बनाकर आउट हुए। 237/2 से ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 246/5 हो गया।
इसके बाद एलेक्स कैरी और स्टीव स्मिथ ने अर्धशतकीय साझेदारी की। हालांकि कैरी 41 गेंदों पर 31 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें आकाशदीप ने पवेलियन भेजा। ऑस्ट्रेलिया ने अपना छठा विकेट 299 के स्कोर पर खो दिया। इसके बाद कमिंस और स्मिथ ने सुनिश्चित किया कि कोई और विकेट न गिरे। भारत की ओर से बुमराह ने 3 विकेट लिए, जबकि रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर और आकाशदीप ने एक-एक विकेट लिया।

