Hathras Stampede: हाथरस में हुई दर्दनाक घटना के आरोपी देव प्रकाश मधुकर को हाथरस पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। हाथरस के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने आरोपी देव प्रकाश मधुकर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। हाथरस में हुई भगदड़ की घटना में अब तक 121 लोगों की मौत हो चुकी है। घटना के मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर को हाथरस पुलिस की एसओजी टीम ने दिल्ली के नजफगढ़ इलाके से गिरफ्तार किया है।
देव प्रकाश मधुकर है मुख्य आयोजक
हाथरस एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि देव प्रकाश मधुकर इस कार्यक्रम का मुख्य आयोजक था और उसने जरूरी अनुमति ली थी। साथ ही, उसने फंड जुटाने में भी भूमिका निभाई और वह मनरेगा में जूनियर इंजीनियर था। हाथरस कांड को लेकर न्यायिक आयोग की टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और इस दौरान बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया है और सभी चीजों को नोट किया है।
एसपी ने दी जानकारी
हाथरस एसपी निपुण अग्रवाल ने घटना को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि एक लाख रुपये के इनामी देव प्रकाश मधुकर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथ दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि छह लोगों को पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका है। इस घटना के सिलसिले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसपी ने बताया कि आरोपी मधुकर एटा में मनरेगा में जूनियर इंजीनियर था। मधुकर राजनीतिक दलों के संपर्क में था और पुलिस हिरासत में उससे पूछताछ की जाएगी।
इस मामले में शामिल किसी भी राजनीतिक दल और नेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, आरोपी मधुकर के वकील एपी सिंह ने एक वीडियो संदेश में दावा किया, “हमने हाथरस मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे देव प्रकाश मधुकर के आत्मसमर्पण की व्यवस्था की है। उसका यहां इलाज चल रहा था, यही वजह है कि पुलिस, एसआईटी और एसटीएफ को दिल्ली बुलाया गया।”

