Greater Noida: बुधवार रात ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे सो रहे तीन लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में दो लोगों की तत्काल मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
औरैया निवासी श्याम सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, मैनपुरी निवासी उनके साले पूरन सिंह अपने दो साथियों श्याम और विनोद के साथ बुधवार रात चारमूर्ति पुलिस चौकी के सामने सड़क किनारे सो रहे थे। एक अज्ञात ट्रक ने तीनों को कुचल दिया, जिससे पूरन सिंह और विनोद की तत्काल मौत हो गई। इस घटना में श्याम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल श्याम को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले पूरन सिंह और विनोद मजदूर थे और सड़क किनारे सोते थे।
ये भी पढ़ें ..
पुलिस का बयान
पुलिस ने बयान में दो लोगों की मौत और एक के घायल होने की पुष्टि की है। शिकायत के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अधिकारी घटना के लिए जिम्मेदार चालक की पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए आसपास के इलाके से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही अपराधी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।