Noida News: गौतमबुद्ध नगर के परिषदीय विद्यालयों में अब छात्रों को शारीरिक दंड नहीं दिया जाएगा। इस संबंध में शिक्षा विभाग ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यदि किसी शिक्षक द्वारा छात्रों को शारीरिक दंड दिए जाने की शिकायत मिलती है तो मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारी करेंगे निगरानी
स्कूली शिक्षा महानिदेशक कंचन वर्मा के निर्देशानुसार छात्रों को शारीरिक दंड दिए जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसका अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर विशेष शिक्षा प्रकोष्ठ का गठन किया गया है, जिसके प्रमुख बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) और खंड शिक्षा अधिकारी होंगे। साथ ही, इन दिशा-निर्देशों के पालन की निगरानी के लिए एसआरजी और एआरपी के सदस्यों को भी इस प्रकोष्ठ में शामिल किया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने क्यों उठाया यह कदम
बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार ने बताया कि इस प्रकोष्ठ का मुख्य उद्देश्य छात्रों के प्रति किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार की तत्काल जांच कर दोषियों को दंडित करना है। शिक्षा विभाग की यह पहल छात्रों के लिए सुरक्षित और समर्पित शैक्षिक वातावरण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

