Greater Noida News: भारतीय किसान यूनियन महासभा के पदाधिकारियों ने बुधवार को यमुना विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में किसानों ने मांग की कि जेवर में यमुना एक्सप्रेसवे पर स्थित छोटे टोल को स्थानीय लोगों के लिए टोल फ्री किया जाए। संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता भाटी ने कहा कि जेवर में स्थित छोटे टोल को आम जनता के लिए फ्री किया जाए। साथ ही स्थानीय युवाओं को उनकी मूल आईडी के आधार पर कंपनियों में रोजगार दिया जाए।
अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ कई बार बैठक हो चुकी है। धरना-प्रदर्शन भी किया जा चुका है। इसके बावजूद किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। लंबी चली बैठक में अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि किसानों की समस्याओं का जल्द ही समाधान किया जाएगा। इस दौरान किसानों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी अधिकारियों को सौंपा। बैठक में मौजूद किसानों ने कहा कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे जनजागरण अभियान चलाएंगे और प्राधिकरण के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।
ये रहे मौजूद
बैठक में ओएसडी शैलेन्द्र सिंह, जेवर एसडीएम अभय प्रताप सिंह, सार्थक सेंगर एसीपी जेवर और टोल मैनेजर जेके शर्मा मौजूद रहे। इस मौके पर सीमा भाटी, मिथिलेश भाटी, दीपक ठाकुर, सादिक, सुधीर शर्मा, सरदार भाटी, मुजाहिद, बिजेंद्र कसाना और दशरथ सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

