Noida News: नोएडा को मैजेंटा लाइन के जरिए साउथ दिल्ली से जोड़ने के बाद डीएमआरसी (दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन) अब साउथ दिल्ली के तुगलकाबाद और साकेत को नए कॉरिडोर के जरिए मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी कर रही है। इसके लिए डीएमआरसी ने मेट्रो टोपोग्राफी सर्वे कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्वा लाइन के नोएडा सेक्टर-142 स्टेशन को सीधे दिल्ली के तुगलकाबाद से मेट्रो के जरिए जोड़ने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है। इससे न सिर्फ नोएडा और साउथ दिल्ली के बीच यात्रा आसान होगी, बल्कि फरीदाबाद और पलवल आने-जाने वालों को भी फायदा होगा।
नोएडा और दिल्ली को जोड़ने वाला तीसरा कॉरिडोर
फिलहाल, नोएडा को दिल्ली से जोड़ने के लिए ब्लू लाइन और मैजेंटा लाइन पर मेट्रो सेवाएं संचालित होती हैं। इसके अलावा, एक्वा लाइन नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच चलती है, जिसका एक मेट्रो स्टेशन सेक्टर-142 में है। अब सेक्टर-142 को तुगलकाबाद से जोड़ने वाला नया कॉरिडोर बनाने की तैयारी चल रही है, जो नोएडा और ग्रेटर नोएडा को सीधे साउथ दिल्ली से जोड़ेगा। यह यमुना नदी को पार करते हुए नोएडा और दिल्ली के बीच तीसरा मेट्रो कॉरिडोर होगा। इस कॉरिडोर की लंबाई करीब 15 किलोमीटर होगी, जिसमें ज्यादातर स्टेशनों को एलिवेटेड बनाने की योजना है। नोएडा और दिल्ली के बीच इस तीसरे मेट्रो कॉरिडोर के अलावा, साकेत से तुगलकाबाद तक मेट्रो का विस्तार करने के लिए निर्माण कार्य पहले से ही चल रहा है।
तीन नए कॉरिडोर का प्रस्ताव
डीएमआरसी अधिकारियों के अनुसार, तीन नए कॉरिडोर विकसित करने के लिए मेट्रो टोपोग्राफी सर्वेक्षण कराने का निर्णय लिया गया है। ये कॉरिडोर सेक्टर-142 से दिल्ली के तुगलकाबाद, समयपुर बादली से कुंडली और कुंडली से सोनीपत तक बनाए जाने का प्रस्ताव है। साकेत से तुगलकाबाद तक मेट्रो संचालन के लिए अभी निर्माण कार्य चल रहा है। नोएडा और दिल्ली के बीच नए कॉरिडोर से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के आसपास रहने वाले लोगों को काफी फायदा होगा।
नोएडा से महरौली तक आसान यात्रा
नोएडा से तुगलकाबाद तक मेट्रो के संचालन से सेक्टर-128, 129, 130, 137, 142, रायपुर, बख्तावरपुर, छपरौली, मंगरौली, झट्टा बड़ौली, गढ़ी शाहदरा आदि कई सेक्टरों और गांवों के निवासियों को लाभ मिलेगा। ये क्षेत्र अभी तक मेट्रो की पहुंच से बाहर थे। इस मेट्रो के जरिए लोग आसानी से दिल्ली के खानपुर, साकेत और महरौली की ओर जा सकेंगे। इस कॉरिडोर के चालू होने के बाद लोगों को नोएडा से बदरपुर, तुगलकाबाद, फरीदाबाद और अन्य इलाकों में जाने के दौरान कालिंदी कुंज बॉर्डर पर ट्रैफिक जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा।
पलवल और फरीदाबाद के लिए यात्रा होगी आसान
इस कॉरिडोर के बन जाने के बाद हरियाणा के फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और पलवल की ओर यात्रा करना भी आसान हो जाएगा। फिलहाल दिल्ली और बल्लभगढ़ के बीच मेट्रो सेवाएं संचालित होती हैं। अब इस कॉरिडोर को पलवल तक बढ़ाने की योजना है। नोएडा-दिल्ली कॉरिडोर को इस मेट्रो लाइन से जोड़ा जाएगा, जिससे लोग फरीदाबाद से पलवल तक मेट्रो के जरिए आसानी से यात्रा कर सकेंगे।
नोएडा में दो नए मेट्रो रूट प्रस्तावित
एक्वा लाइन वर्तमान में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच चलती है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच दो और कॉरिडोर पर मेट्रो सेवाएं शुरू करने पर लंबे समय से विचार चल रहा है। एक कॉरिडोर के लिए डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) अधिकारियों को पहले ही मिल चुकी है। दूसरे कॉरिडोर की डीपीआर में कुछ संशोधन किए गए हैं, जिसे जल्द ही नोएडा प्राधिकरण को सौंप दिया जाएगा। प्रस्तावित दो नए कॉरिडोर सेक्टर-38ए बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-142 और सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट होते हुए नॉलेज पार्क-5 हैं। बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-142 रूट की डीपीआर को राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है और अब यह केंद्र सरकार के पास है।

