Noida News: पिछले दो दिनों से उमस भरी गर्मी से परेशान नोएडा के लोगों ने आखिरकार आज राहत की सांस ली है। बुधवार दोपहर को आसमान में काले बादल छा गए, जिससे दिन में ही रात हो गई और तेज बारिश होने लगी। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और गुरुग्राम में भारी बारिश हो रही है, जिससे मौसम सुहाना हो गया है और ठंडी हवाएं चल रही हैं।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने नोएडा में अगले दो दिनों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। हल्की से मध्यम बारिश होगी। मंगलवार को उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को रात में हवाओं से थोड़ी राहत मिली, लेकिन आज दोपहर अचानक काले बादलों ने मौसम को ठंडा कर दिया।
कैसा रहेगा मौसम
5 और 6 सितंबर को नोएडा में भारी बारिश की संभावना है, जबकि गाजियाबाद में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस हफ्ते नोएडा में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। गाजियाबाद में भी अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। एनसीआर के निवासी अब मौसम में सुधार का आनंद ले सकते हैं और चिलचिलाती गर्मी से राहत महसूस कर सकते हैं।

