Ghaziabad News: गाजियाबाद में गुरुवार को भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। शालीमार गार्डन इलाके में गुरुवार को एक बिल्डिंग के बेसमेंट में स्थित कई दुकानों में अचानक आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो चुका था। इनमें से एक दुकान पालतू जानवरों की दुकान थी, जिसमें कुछ जानवर मामूली रूप से झुलस गए।
बेसमेंट की दुकानों में फैली आग
गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में शिव चौक के पास एक बिल्डिंग के बेसमेंट में स्थित कई दुकानों में दोपहर करीब 2 बजे आग लग गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दमकल और पुलिस को दी। काफी मशक्कत के बाद पुलिस और दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। हालांकि, आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। कुछ लोगों का मानना है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी।
क्या कहा अधिकारियों ने?
गाजियाबाद के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पॉल ने बताया कि आग की सूचना मिलने के बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। टीम ने सबसे पहले बिल्डिंग को खाली कराया। आग बुझाने के लिए दमकल को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पालतू जानवरों की दुकान से कई जानवरों को सुरक्षित बचाया गया।

